रोहतक में सभी ड्रेनों की सफाई के कार्य को 30 जून तक करे पूरा, डीसी ने किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
रोहतक में सभी ड्रेनों की सफाई के कार्य को 30 जून तक करे पूरा, डीसी ने किया निरीक्षण


मायना व शिमली गांव में ड्रेन पर पहुंचे डीसी, ड्रेन के 1100 फीट हिस्से में बनाई गई कंक्रीट दीवारें

रोहतक, 02 जून (हि.स.)। उपायुक्त ने सिंचाई विभाग द्वारा करवाई जा रही ड्रेनों की सफाई का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को निर्देश दिये कि जिले से गुजरने वाली ड्रेनों की सफाई के कार्य को 30 जून तक पूर्ण करवाया जाये। अभी तक विभाग द्वारा ड्रेनों की सफाई के 50 प्रतिशत कार्य को पूर्ण कर लिया गया है तथा ड्रेनों की सफाई का कार्य निरंतर जारी है।

डीसी सचिन गुप्ता भिवानी रोड़ स्थित ड्रेन नंबर 8 के निरीक्षण के बाद में लिंक ड्रेन की सफाई का निरीक्षण किया। साथ ही मायना गांव से गुजरने वाली रोहतक लिंक ड्रेन की सफाई का अवलोकन किया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि ड्रेन की सफाई के दौरान निकाली गई गाद को उठाने के प्रबंध भी किये जाये ताकि यह गाद दोबारा ड्रेन में बहकर न जाये।

इस ड्रेन की सफाई का कार्य विभागीय मशीन के माध्यम से करवाया जा रहा है। यह कार्य पूर्ण होने के बाद ड्रेन नंबर 8 की सफाई का कार्य किया जायेगा। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने इसके बाद शिमली गांव से गुजरने वाली रोहतक लिंक ड्रेन के तटबंधों को मजबूत करने के कार्य का निरीक्षण किया। सिंचाई विभाग द्वारा इस ड्रेन के तटबंधों की मजबूती के लिए 1100 फीट हिस्से में 1.75 करोड़ रुपये की लागत से कंक्रीट की दीवारों का निर्माण किया गया है ताकि जलभराव की स्थिति में ड्रेन के तटबंध क्षतिग्रस्त न हो। उन्होंने अधिकारियों से जलभराव की स्थिति में जल निकासी के लिए किये जाने वाले प्रबंधों की भी जानकारी ली तथा उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। इस अवसर पर सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता राजीव राठी एवं अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल

Share this story