जींद: ब्यूटी पार्लर संचालिका को नशीला पदार्थ दे महिला जेवर व नकदी ले फरार

WhatsApp Channel Join Now
जींद: ब्यूटी पार्लर संचालिका को नशीला पदार्थ दे महिला जेवर व नकदी ले फरार


जींद, 14 अप्रैल (हि.स.)। कृष्णा कालोनी में ब्यूटी पार्लर संचालिका को एक महिला पानी में नशीला पदार्थ पिला सोना के जेवरात तथा नगदी लेकर फरार हो गई। वारदात को अंजाम देने वाली महिला आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों मे कैद हो गई। शहर थाना पुलिस ब्यूटी पार्लर संचालिका के भांजे की शिकायत पर अज्ञात महिला के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कृष्णा कालोनी निवासी सोनिया ने ब्यूटी पार्लर खोला हुआ है।

सोनिया दोपहर को अपने ब्यूटी पार्लर में थी। उसी दौरान एक महिला ब्यूटी पार्लर में आई। जिसने सोनिया को अपनी बातों मे उलझा लिया। फिर खुद पानी पीने के साथ सोनिया को भी पानी पीने के लिए दे दिया। जिसके बाद सोनिया अपनी चेतना खो बैठी। जिसका फायदा उठा कर महिला ने सोनिया का मंंगलसूत्र, कानों की बाली, सोने की अंगूठी, दो हजार रूपए की नगदी लेकर फरार हो गई।

परिजनों को घटना का उस समय पता चला जब सोनिया दोपहर को घर नहीं आई। जब परिजन ब्यूटी पार्लर में पहुंचे तो वह अचेतन अवस्था में थी। होश आने के बाद सोने के जेवरात तथा नगदी गायब मिली। परिजनों ने संदिग्ध महिला को तलाशा भी, लेकिन उसका कई भी सुराग नहीं लगा। घटना की सूचना पाकर शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरो की फुटेज को खंगाला। जिसमें हाथ में थैला उठाए महिला जाते हुए दिखाई दी।

शहर थाना पुलिस ने सोनिया के भांजे की शिकायत पर अज्ञात महिला के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर किया है। पुलिस ने संंदिग्ध महिला की वीडियो को भी वायरल किया है। शहर थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने मंगलवार को बताया कि अज्ञात महिला के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। महिला की वीडियो भी मिली है, जिसे पहचान के लिए वायरल किया गया। उन्होंने लोगों से अपील की किसी संदिग्ध व्यक्ति को घर में न घुसने दे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story