जींद : कार की टक्कर से वृद्ध महिला की मौत
जींद, 23 मार्च (हि.स.)। गोहाना रोड पर पैदल सड़क पार कर रही वृद्ध महिला को कार ने टक्कर मार दी। इसमें महिला की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका के शव को कब्जे में लेकर साेमवार काे नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव खरकरामजी निवासी शमशेर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी 60 वर्षीय मां कृष्णा के साथ वह रविवार को कार्यवश गोहाना रोड पर आए हुए थे। जब वह सड़क पार कर रहे थे तो एक कार तेज रफ्तार से आई और सीधे उसकी मां को टक्कर मार दी जिसमें उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास मौजूद लोगों की मदद से घायल कृष्णा को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसकी मां को मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना को अंजाम देकर चालक कार सहित मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। सदर थाना के जांच अधिकारी नफे सिंह ने बताया कि मृतका के शव का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया गया है और अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

