हिसार : राजथल में नशे के खिलाफ ग्रामीण लगाएंगे ठीकरी पहरा
पंचायत में फैसला : अवैध नशे की बिक्री रोकने
के लिए युवाओं की कमेटियां करेंगी निगरानी
हिसार, 30 अगस्त (हि.स.)। नारनौंद क्षेत्र के
गांव राजथल में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से मोर्चा खोल
दिया है। रविवार को शिव मंदिर में सरपंच प्रतिनिधि अनिल गोदारा के नेतृत्व में हुई
पंचायत में गांव के सभी प्रमुख रास्तों पर ठीकरी पहरा लगाने का निर्णय लिया गया। ग्रामीणों
ने स्पष्ट किया कि गांव में नशे की बिक्री नहीं होने दी जाएगी और नशे से जुड़ी गतिविधि
में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्ति को पकड़कर पुलिस के हवाले किया जाएगा।
पंचायत में बड़ी संख्या में ग्रामीण और युवा शामिल
हुए। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में लंबे समय से अवैध नशे की बिक्री की शिकायतें सामने
आ रही हैं। इससे युवाओं के भविष्य पर असर पड़ रहा है और गांव की छवि भी खराब हो रही
है। ग्रामीणों ने इस संबंध में पुलिस प्रशासन के अधिकारियों से मुलाकात कर स्थिति से
अवगत कराया था। इसके बाद गांव स्तर पर नशे के खिलाफ अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।
ग्रामीणों के अनुसार पिछले तीन दिनों में नशा
खरीदने के लिए गांव में आए कुछ लोगों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया है। अब पंचायत
ने अलग-अलग युवाओं की कमेटियां गठित करने का निर्णय लिया है, जो गांव के विभिन्न रास्तों
पर निगरानी रखेंगी। पंचायत के बाद ग्रामीणों ने नशामुक्ति रैली निकालकर लोगों को जागरूक
भी किया।
सरपंच प्रतिनिधि अनिल गोदारा ने कहा कि नशे जैसी
सामाजिक बुराई को खत्म करने के लिए पूरे गांव को एकजुट होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि
युवाओं के भविष्य को बचाना ग्रामीणों की प्राथमिकता है और गांव को नशामुक्त बनाने के
लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे। जोगिंदर मान ने कहा कि किसी भी बुराई को खत्म
करने में समय लगता है, लेकिन ग्रामीण यदि धैर्य और एकजुटता के साथ अभियान चलाएं तो
सफलता निश्चित है। इस अवसर पर रामकुमार शर्मा, जोगिंदर मान, मेहर
सिंह बिसला, रतन, रमेश, मुनीराम, जयभगवान, अंकित बिसला, विशु बिसला, राकेश सिंहमार,
काला पांचाल सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

