जींद : पुलिस द्वारा आमजन के गुम हुए 38 मोबाइल तलाश कर लौटाए
जींद, 03 सितंबर (हि.स.)। जींद पुलिस द्वारा आमजन के गुम हुए 38 मोबाइल तलाश कर गुरूवार को उनके असल मालिकों को लौटाने का काम किया। गुम हुए मोबाइलों की कीमत लगभग साढ़े छह लाख रुपये है। एसपी कुलदीप सिंह ने अपने कार्यायल में मोबाइल मालिकों को यह मोबाइल लौटाए। जो व्यक्ति मोबाइल लेने के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय में नहीं आ पाए, पुलिस विभाग ने उनके घर जाकर उन्हें मोबाइल दिए।
गौरतलब है कि हरियाणा सरकार ने दूरसंचार विभाग भारत सरकार द्वारा निर्मित पोर्टल सेंट्रल इक्यूपमेंट आइडेंटी रजिस्टर को गुम हुए मोबाइलों के लिए शुरू किया जा चुका है। मोबाइल गुम होने की मिली शिकायतों पर कार्यवाही करते हुए जींद साइबर सुरक्षा इंचार्ज पीएसआई अनमोल के नेतृत्व में सिपाही रोहित ने एक जुलाई से 31 अगस्त तक के जींद जिले से गुम हुए 38 मोबाइल फोन की तलाश की है। बरामद किए गए मोबाइल की कीमत लगभग छह लाख 50 हजार रुपये है। गुरूवार को आमजन अपना गुमशुदा मोबाइल फोन मिलने पर बहुत खुश हुए। पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह कहा कि यदि किसी व्यक्ति का मोबाइल फोन गुम हो जाता है तो उसे मोबाइल की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाने के लिए अनावश्यक रूप से इधर-उधर जाने की आवश्यकता नही है बल्कि अपने संबंधित थाना में मोबाइल फोन गुम होने की रिपोर्ट दर्ज करवा सकते हैं।
इसके बाद नियमानुसार सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से संबधित थाना में ही गुम हुए मोबाइल फोन को ट्रेस एवं बरामद करने की प्रक्रिया शुरू की जाती है। इस प्रक्रिया से मोबाइल फोन के दुरुपयोग पर रोक लगाने में भी मदद मिलती है। सरकार द्वारा मोबाइल गुमशुदगी की रिपोर्ट करने व मोबाइल को ब्लॉक करने के लिए पोर्टल सेंट्रल इक्यूपमेंट आइडेंटी रजिस्टर (सीईआईआर) को शुरू किया जा चुका है। अब आमजन घर बैठे भी इस पोर्टल पर अपनी मोबाइल गुमशुदगी से संबंधित शिकायत दर्ज करवा सकता है।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

