जींद : 26 दिन में आग की 600 घटनाएं, कर्मचारी हड़ताल पर

WhatsApp Channel Join Now
जींद : 26 दिन में आग की 600 घटनाएं, कर्मचारी हड़ताल पर


जींद, 03 मई (हि.स.)। जींद में फायर ब्रिगेड कर्मियों की हडताल रविवार को 26वें दिन में प्रवेश कर गई है। इन 26 दिनों के दौरान प्रतिदिन फायर ब्रिगेड को 25 से 30 कॉल आग लगने की घटनाओं की मिली। हडताली कर्मियों ने तीन-चार घटनाओं में मानवता का धर्म निभाते हुए आग भी बुझाई। जबकि अन्य घटनाओं में रोडवेज व एचकेआरएनएल कर्मियों का सहारा लेना पड़ा। फायर ब्रिगेड को अबतक 600 से अधिक कॉल आग लगने की घटनाओं के मिले हैं। इस दौरान खेतों में भी आग लगी और घर तथा व्यवसायिक स्थानों में भी आग लगी। हालांकि संसाधनों का उपयोग करने के लिए फायर ब्रिगेड कर्मियों ने मना नही किया।

प्रशासन ने रोडवेज व एचकेआरएन कर्मियों के माध्यम से आग की घटनाओं पर काबू पाया है। गत वर्ष की बात की जाए तो इन दिनों में 500 कॉल मिली थी।

इस वर्ष यह बढ़कर 600 से अधिक तक पहुंच गई। फायर ब्रिगेड कर्मियों का कहना है कि उन्हें हडताल पर बैठे हुए 26 दिन हो गए हैं लेकिन आजतक न तो कोई सरकार का नुमाइंदा उनकी बात सुनने आया और न ही उनकी मांगों पर कोई संज्ञान लिया गया।

यूनियन प्रधान सुनील कुंडू ने कहा कि आज हड़ताल को लेकर 26 दिन हो गए हैं। धरने को सर्व कर्मचारी संघ ने पहले भी स्थान दिया है और आज भी उनकी क्रमिक भूख हडताल पर शामिल हुए हैं।

इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग व अन्य विभागों से यूनियनों ने भी उनकी मांगों का समर्थन किया है। जब तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाता तब तक उनकी हड़ताल जारी रहेगी।

सरकार की तरफ से भी ना तो कोई नुमाइंदा आया है और न ही यह कहा गया है कि वह आकर बात करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story