हिसार में सीएम व जींद में पीएम के दौरे से पहले तय होगी जल आंदोलन की रणनीति
चानौत जल आंदोलन जारी, 10 जुलाई को होगी महापंचायत,
खापों-किसान संगठनों को बुलावा
हांसी, 08 जुलाई (हि.स.)। बरवाला रोड स्थित गांव
चानौत में पेयजल की मांग पर चल रहा आंदोलन लगातार जारी है। धरना स्थल पर गांव के लोग
अपनी मांगों को लेकर एकजुट होकर आंदोलन में डटे हुए हैं।
धरना कमेटी ने आंदोलन के अगले चरण को लेकर 10
जुलाई को एक महत्वपूर्ण महापंचायत बुलाई है। इस बैठक में हरियाणा की सभी प्रमुख खाप
पंचायतों, किसान संगठनों, सामाजिक संगठनों तथा आंदोलन का समर्थन कर रहे प्रतिनिधियों
को आमंत्रित किया गया है। माना जा रहा है कि इस बैठक में आंदोलन की आगामी दिशा और बड़े
कार्यक्रमों पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
धरना कमेटी ने बुधवार को बताया कि अनुसार 12 जुलाई
को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के प्रस्तावित हिसार दौरे तथा 17 जुलाई को प्रधानमंत्री
नरेन्द्र मोदी के जींद दौरे को देखते हुए आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी। बैठक में
इस बात पर मंथन होगा कि सरकार तक ग्रामीणों की मांग को प्रभावी ढंग से पहुंचाने के
लिए आगे कौन-कौन से कदम उठाए जाएं।
कमेटी का कहना है कि चानौत का आंदोलन अब केवल
एक गांव तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसे प्रदेश के विभिन्न खाप संगठनों, किसान संगठनों
और सामाजिक संस्थाओं का समर्थन मिल रहा है। इसी समर्थन के आधार पर आंदोलन को और व्यापक
रूप देने की तैयारी की जा रही है।
धरना कमेटी ने सभी सहयोगी संगठनों और क्षेत्र
के ग्रामीणों से 10 जुलाई की महापंचायत में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील
की है। उनका कहना है कि बैठक में लिए जाने वाले निर्णय आंदोलन की आगामी दिशा तय करेंगे
और भविष्य के कार्यक्रमों की घोषणा भी इसी मंच से की जाएगी। धरना स्थल पर ग्रामीणों
ने एक बार फिर दोहराया कि जब तक गांव की पेयजल समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जाता,
तब तक उनका आंदोलन पूर्व की तरह जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

