जींद : धान खरीद में देरी पर किसानों ने मार्केट कमेटी कार्यालयों पर जड़े ताले

WhatsApp Channel Join Now
जींद : धान खरीद में देरी पर किसानों ने मार्केट कमेटी कार्यालयों पर जड़े ताले


जींद, 14 अक्टूबर (हि.स.)। धान फसल पीआर की खरीद न होने तथा उठान न होने के विरोध में किसानों ने बुधवार को जींद, उचाना नरवाना, पिल्लूखेड़ा मंडी तथा सफीदों मार्केट कमेटी कार्यालयों पर ताले जड़ दिए और नारेबाजी की। किसानों ने मार्केट कमेटी कार्यालयों के सामने धरने दिए और सरकार पर किसानों को परेशान करने का आरोप लगाया।

संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर किसान भाकियू के बिदंर नबरदार के नेतृत्व में जींद मार्केट कमेटी कार्यालय पहुंचे और ताला जड़ कर धरना शुरू कर दिया। किसानों का कहना था कि पीआर धान की खरीद नही हो रही है। वहीं भारतीय किसान सभा के अध्यक्ष बलबीर गुरूसर के नेतृत्व में किसान नरवाना मार्केट कमेटी पहुंचे और ताला जड़ दिया। उन्होंने कहा कि सरकार पीआर धान की खरीद नही कर रही है। मंडियों में उठान की प्रक्रिया धीमी है। किसानों को एमसपी का लाभ नही मिल रहा है। वहीं सफीदों में भाकियू के नवीन के नेतृत्व में किसानों ने पिल्लूखेड़ा मार्केट कमेटी कार्यालय पर ताला जड़ कर धरना दिया। वहीं पिल्लूखेड़ा अनाज मंडी गेट की तालाबंदी दूसरे दिन भी जारी रही। वहीं उचाना में किसान भाकियू के वीरेंद्र के नेतृत्व में मार्केट कमेटी कार्यालय पहुंचे और ताले जड़ कर धरना दिया।

किसानों का कहना था कि धान फसल पीआर की खरीद नही हो पा रही है। किसान फसल बेचने के लिए मंडियों में डेरा डाले हुए हैं। कभी नमी ज्यादा तो कभी कोई बहाना बना कर किसानों को परेशान किया जा रहा है। कहीं मिलर नही पहुंचें तो कहीं बारदाने की कमी है। कहीं पर मंडियों से उठान नही हो पा रहा है। जिससे किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने धान खरीद को लेकर आ परेशानी को लेकर अधिकारियो को भी अवगत करवाया हुआ है। बावजूद इसके किसानों की परेशानी कम नही हो रही है। अधिकारी केवल आश्वासनों तक सिमटे हुए हैं। अब किसानों के पास मार्केट कमेटी कार्यालयों के ताला जडऩे के सिवाय कोई रास्ता नही बचा था। उन्होंने चेताया की सरकार धान खरीद को लेकर रवैये को नही सुधारा तो किसान बड़ा कदम उठाने को मजबूर होंगें। किसानों ने मार्केट कमेटी कार्यालयों के सामाने धरने देकर भड़ास भी निकाली और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760867 Articles

Share this story