हरियाणा में आज गूंजेगा ‘सेवा का संकल्प’, आशीर्वाद के दीयों से जगमगाएगा प्रदेश

WhatsApp Channel Join Now

सेवा संकल्प अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की तैयारी, मुख्यमंत्री ने दिए निर्देश

चंडीगढ़, 16 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक

जीवन की सेवा-यात्रा और विकसित भारत के संकल्प को जनभागीदारी से आगे बढ़ाने के उद्देश्य

से हरियाणा में बुधवार से ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आगाज होगा। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस

अभियान की शुरुआत प्रदेशभर में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। विश्वकर्मा दिवस पर श्रमिकों

को विभिन्न योजनाओं का लाभ मिलेगा और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी महेंद्रगढ़ से लाडो

लक्ष्मी योजना के दूसरे चरण का शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री ने तैयारियों की समीक्षा

करते हुए गांव से शहर तक सेवा शिविर लगाने, मौके पर ही शिकायतों का समाधान व नए लाभार्थियों

को जोड़ने और विद्यार्थियों-युवाओं की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए

हैं।

मुख्यमंत्री बुधवार को चंडीगढ़ में

‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी जिलों में कार्यक्रमों की तिथियां और कार्ययोजना

को समय रहते अंतिम रूप दिया जाए। जिला स्तर पर नोडल अधिकारी निर्धारित किए जाएं तथा

प्रत्येक कार्यक्रम की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए

कि जिला स्तर से कार्यक्रमों की प्रगति की नियमित रिपोर्ट ली जाए।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ब्लॉक स्तर

पर, नगर निगम, नगर परिषद, नगर पालिका और महाग्रामों में भी सेवा शिविर लगाए जाएं। इन

सेवा शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के लाभार्थियों की विवरण

संबंधी शिकायतों का निपटान, नए लाभार्थी जोड़ने जैसे कार्य मौके पर ही किए जाएं। मुख्यमंत्री

ने स्पष्ट निर्देश दिए कि इन सेवाओं का लाभ मौके पर ही दिया जाए, किसी भी नागरिक को

शिविर में आने के बाद कार्यालय के चक्कर न काटने पड़े।

मुख्यमंत्री ने स्कूल शिक्षा और उच्चतर शिक्षा विभागों को निर्देश देते हुए

कहा कि स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में सेवा, राष्ट्र निर्माण और रचनात्मकता

से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएं। विद्यार्थियों के लिए चित्रकला, रंगोली तथा अन्य

रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएं। जिला और स्कूल स्तर पर बेहतर गतिविधियों एवं

नवाचारों की पहचान कर उन्हें व्यापक स्तर पर प्रदर्शित किया जाए। अभियान के तहत विद्यार्थियों

और युवाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

----

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story