जींद : पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा का जींद से जाएगा संदेश : डा. अर्चना गुप्ता

WhatsApp Channel Join Now
जींद : पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा का जींद से जाएगा संदेश : डा. अर्चना गुप्ता


जींद, 09 जुलाई (हि.स.)। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व विकसित भारत के सपने को साकार करने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। जींद की यह रैली उसी संकल्प का प्रतीक बनेगी। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि जिन-जिन कार्यकर्ताओं को जो-जो जिम्मेदारी मिली है उसे सुव्यवस्थित ढंग से पूरा करें।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता गुरूवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 17 जुलाई को जींद में होने वाली जनसभा की तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर सीआरएसयू में आयोजित बैठक को संबोधित कर रही थी। बैठक में प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया ने कार्यकर्ताओं को काम बांटे। बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता, प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया और रैली के संयोजक एवं राज्यसभा सांसद संजय भाटिया ले अब तक की तैयारियों की भी समीक्षा की। प्रधानमंत्री मोदी के इस कार्यक्रम को इको फ्रेंडली बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया।

बैठक में संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, राज्यसभा सांसद संजय भाटिया, मंत्री कृष्ण बेदी, प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश प्रभारी ने पीएम मोदी की रैली से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा की और उनके सुझाव मांगे। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली को भव्य बनाने की रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा की गई। प्रदेश अध्यक्ष ने एक-एक पदाधिकारी से संवाद करते हुए कहा कि व्यवस्था में कोई कमी ना रहे इसलिए अभी से अपने कामों में जुट जाएं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को जींद की धरती से देश की पहली हाईड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखा कर रवाना करेंगे। उन्होंने कहा कि हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ भारत के हरित भविष्य की दिशा में एक नया अध्याय लिखेगा।

प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जींद दौरा केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नही बल्कि विकसित भारत 2047 के संकल्प को नई दिशा देने वाला ऐतिहासिक अवसर है। 17 जुलाई को पीएम मोदी जींद की पावन धरती से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर राष्ट्र को समर्पित करेंगे, साथ ही भारत के बुनियादी विकास को मजबूती देने के लिए हरियाणा को विभिन्न विकास योजनाओं की सौगात देंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story