राेहतक: डीएलसीसुपवा में सजेगा अंतरराष्ट्रीय थियेटर महोत्सव भारंगम का मंच
9 से 12 फरवरी तक कलाकार देगे प्रस्तुतियां, भारत रंग महोत्सव का पोस्टर किया लॉन्च
रोहतक, 04 फ़रवरी (हि.स.)। डीएलसी सुपवा व नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा के संयुक्त तत्वाधान में अंतर्राष्ट्रीय थियेटर महोत्सव भारंगम का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें देश-विदेश की टीमें विभिन्न शैलियों और प्रदर्शन रूपों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रशंसित रंगमंच प्रस्तुतियां देंगी। बुधवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए डीएलसी सुपवा के कुलपति डॉ. अमित आर्य ने बताया कि नौ से 12 फरवरी तक विश्वविद्यालय में भारत रंग महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय नाट्य महोत्सव ने देश भर में अपनी सांस्कृतिक छाप छोड़ी है। नागांव, रांची, रायपुर, गंगटोक, पारादीप, वाराणसी, बेंगलुरु, पटना, इटानगर, कोलकाता, इंफाल, साखालिन और दीमापुर में मंचन एक साथ आयोजित किए गए, जिससे थिएटर को विकेंद्रीकृत करके विश्व स्तरीय नाटकों को ज्यादा से ज्यादा कला प्रेमियों तक पहुंचाया गया। यह महोत्सव सभी राज्यों में 41 स्थानों पर मनाया जा रहा है, जिसमें हरियाणा से सिर्फ रोहतक का डीएलसीसुपवा शामिल है।
उन्होंने कहा कि भारत के सांस्कृतिक सर्किट में एक विशेष स्थान दिया है। रोहतक में भारंगम की मेजबानी करना भारत में कला रूप के व्यापक कल्याण के लिए एक सार्थक प्रयास है और शहर के लिए गर्व का क्षण है। इस अवसर पर भारत रंग महोत्सव का पोस्टर भी लांच किया गया। इस अवसर पर रजिस्ट्रार डॉ गुंजन मलिक मनोचा, एलपीएस बोसार्ड के एमडी राजेश जैन, महेश टीपी, केशव, डॉ अजय कौशिक प्रमुख रूप से शामिल रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल

