पानीपत: विशेष गहन पुनरीक्षण पर आयोग सख्त, गैरहाजिर बीएलओ होंगे सस्पेंड: संजय कुमार

WhatsApp Channel Join Now
पानीपत: विशेष गहन पुनरीक्षण पर आयोग सख्त, गैरहाजिर बीएलओ होंगे सस्पेंड: संजय कुमार


पानीपत, 16 जून (हि.स.)। पानीपत में निर्वाचन आयोग के डिप्टी इलेक्शन कमिश्नर संजय कुमार ने मंगलवार को विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विशेष एवं व्यापक समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि ड्यूटी के दौरान गैरहाजिर पाए जाने वाले बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने तुरंत सस्पैंड किया जाएगा। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा की जो लक्ष्य निर्धारित किया है उसे 100 प्रतिशत पूरा किया जाएगा।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वो मतदाता सूची पुनरीक्षण जैसा महत्वपूर्ण कार्य पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी को समन्वय बना कर टीम वर्क के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उपायुक्त ने गणना प्रपत्रों के वितरण, बीएलओ की उपलब्धता, प्रशिक्षण तथा जमीनी स्तर पर अभियान की प्रगति की विस्तृत जानकारी अधिकारियों से ली। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फॉर्म वितरण की स्थिति कमजोर नहीं होनी चाहिए । जितना कार्य बचता है उसे जल्द पूरा करें।

उपायुक्त ने कहा कि स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन निर्वाचन आयोग का अत्यंत महत्वपूर्ण अभियान है, जिसके माध्यम से मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन और पारदर्शी बनाया जा रहा है। गौरतलब है कि जिले में एक संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत चार विधानसभा क्षेत्र—पानीपत ग्रामीण, पानीपत शहर, इसराना (अनुसूचित जाति) और समालखा—शामिल हैं। जिले में कुल 26 निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) एवं सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (एईआरओ) की व्यवस्था है व कुल 912 मतदान केंद्र हैं।

उपायुक्त ने बताया कि वर्तमान में जिले में कुल 9 लाख 66 हजार 687 मतदाता दर्ज हैं। स्वयं एवं परिवार आधारित मैपिंग की स्थिति में इसराना विधानसभा क्षेत्र में 87.26 प्रतिशत, समालखा में 75.64 प्रतिशत, पानीपत ग्रामीण में 45.13 प्रतिशत तथा पानीपत शहर में 40.05 प्रतिशत प्रगति दर्ज की गई है। विदित रहे कि जिला निर्वाचन अधिकारी, ईआरओ और एईआरओ के पदों पर नियुक्तियां पूर्ण हैं तथा अभियान के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उपायुक्त ने बताया कि जिले में कुल 112 सुपरवाइजर तथा 912 बीएलओ कार्यरत हैं। समालखा विधानसभा क्षेत्र के एक एईआरओ के अवकाश पर होने की जानकारी भी बैठक में दी गई। उपायुक्त ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा 671 बीएलए, कांग्रेस द्वारा 469, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माक्र्सवादी) द्वारा 26 तथा इंडियन नेशनल लोकदल द्वारा बीएलए नियुक्त किए गए हैं। विभिन्न दलों द्वारा कुल 1166 बूथ लेवल एजेंट नियुक्त किए जा चुके हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

Share this story