जींद : प्रधानमंत्री के दाैरे में प्रोटोकॉल का रखें ख्याल,एसपी ने पुलिस कर्मियों को दी नसीहत
जींद, 11 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जींद दौरे को लेकर जिला पुलिस सतर्क हो गई है। पुलिस प्रशासन ने भी शहर के हर चौक व चौराहे पर पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी है। शनिवार को पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने पुलिस लाइन में जिला के सभी पुलिस अधिकारियों, थाना प्रभारियों तथा उनके अधीन तैनात पुलिसकर्मियों को एकत्रित कर संबोधित किया और पूर्ण सतर्कता, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री के आगमन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में सुरक्षा संबंधी सभी व्यवस्थाओं का सूक्ष्म निरीक्षण करने, संवेदनशील स्थानों की पहचान कर विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने कहा कि सुरक्षा प्रोटोकॉल का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने, आपसी समन्वय बनाए रखने, यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने, भीड़ प्रबंधन, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं पर कड़ी निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटना पुलिस कि सर्वोच्च प्रथामिकता है। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए कि वे अपने-अपने थाना क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था की नियमित समीक्षा करते हुए गश्त बढ़ाने, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष पुलिस तैनाती सुनिश्चित करने तथा खूफिया तंत्र को सक्रिय रखने तथा ड्यूटी पर तैनात प्रत्येक पुलिसकर्मी को सतर्क रहते हुए आमजन के साथ विनम्र व्यवहार करने तथा सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखना हमारी जिम्मेदारी है।
पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने स्पष्ट किया कि जींद पुलिस का उद्देश्य इस कार्यक्रम को पूर्ण सुरक्षा, बेहतर समन्वय एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है। इसके लिए जिले के सभी पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी मुस्तैदी के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

