हरियाणा के हिसार में कांवड़ तीर्थयात्रियों के समूह पर फायरिंग, दंपति व 12 वर्षीय बेटी को लगी गाेली
हिसार (हरियाणा), 06 अगस्त (हि.स.)। हिसार शहर में जिंदल अस्पताल के पास बेखौफ अपराधियों ने कांवड़
तीर्थयात्रियों के समूह पर ताबतड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी। विधायक सावित्री जिंदल के अस्पताल से कुछ ही दूरी पर
दयानंद कॉलोनी स्थित शिव मंदिर के पास कांवड़ियों की भीड़ के बीच पहुंचे पांच से छह
नकाबपोश बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। करीब छह राउंड चली गोलियों की चपेट में
एक ही परिवार के तीन सदस्य आ गए। पति, पत्नी और उनकी 12 वर्षीय बेटी गोली लगने से गंभीर
रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद पूरे इलाके में चीख-पुकार और भगदड़ मच गई, जबकि हमलावर
खुलेआम हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बुधवार देर रात दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर
आए बदमाश बिना किसी कहासुनी के अचानक फायरिंग करने लगे। देखते ही देखते शिव मंदिर परिसर
और तिकोना पार्क के आसपास अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए कांवड़िए और राहगीर इधर-उधर
भागने लगे। कुछ लोग दुकानों और घरों में छिप गए, जबकि हमलावर वारदात को अंजाम देकर
आईटीआई चौक की ओर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने घायलों को तुरंत नजदीकी जिंदल अस्पताल
पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार तीनों की हालत फिलहाल खतरे से
बाहर है। पुलिस के मुताबिक दयानंद कॉलोनी निवासी गोविंद (36) अपनी पत्नी निशा (30)
और 12 वर्षीय बेटी बीरा उर्फ गुन्नू के साथ अपने भांजे को छोड़ने शिव मंदिर पहुंचे
थे। उनका भांजा कांवड़ लेने जा रहा था। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार पांच से छह नकाबपोश
बदमाश वहां पहुंचे और अचानक गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। फायरिंग में गोविंद की पीठ,
निशा की बाजू और बेटी बीरा के सीने में गोली लगी।
गोविंद के भाई गौतम ने बताया कि निशा की बाजू में लगी गोली आर-पार निकल गई।
समय रहते सभी घायलों को अस्पताल पहुंचा दिया गया, जिससे उनकी जान बच गई। चिकित्सकों
ने तीनों की हालत स्थिर बताई है। घटना की जानकारी मिलते ही पार्षद जगमोहन मित्तल जिंदल अस्पताल पहुंचे और विधायक
सावित्री जिंदल को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि घायल गोविंद जिंदल
फैक्ट्री में कार्यरत है और परिवार का इलाज जारी है।
वारदात की सूचना मिलते ही अर्बन एस्टेट थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल
का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विकास कुमार ने बताया कि
घायलों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। बयान के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई
की जाएगी। आरोपियों की पहचान और उनके भागने के रूट का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी
कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, दो संदिग्ध हमलावरों की पहचान राहुल और मुकेश के
रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ पहले से आर्म्स एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। पुलिस
की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी
का दावा कर रही हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

