मजबूत लोकतंत्र और राष्ट्र निर्माण में शहरी स्थानीय निकाय की भूमिका महत्वपूर्ण : हरविंद्र कल्याण

WhatsApp Channel Join Now
मजबूत लोकतंत्र और राष्ट्र निर्माण में शहरी स्थानीय निकाय की भूमिका महत्वपूर्ण : हरविंद्र कल्याण


राष्ट्रीय शहरी निकाय सम्मेलन का हरियाणा में होने पर सभी हरियाणावासियों को गर्व

राष्ट्रीय शहरी निकाय सम्मेलन से बेहतर शासन व्यवस्था, ठोस सुझाव और नई नीतियां बाहर आएंगी : हरविंद्र कल्याण

यह सम्मेलन संवाद, समन्वय और सहयोग को बढ़ावा देगा : कल्याण

गुरुग्राम, 3 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने कहा कि शहरी स्थानीय निकाय देश के लोकतंत्र को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण में प्रभावी भूमिका अदा करे। उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन का उद्देश्य जनता की जरूरतों को जिम्मेदारी के साथ पूरा करना है। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन संवाद, समन्वय और सहयोग को बढ़ावा देगा। कल्याण गुरुवार को मानेसर में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय शहरी निकाय सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ कृष्ण मिड्डा, हरियाणा कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल, राव नरबीर सिंह, लोकसभा महासचिव उत्पल कुमार सिंह आदि मंच पर मौजूद रहे।

हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि राष्ट्रीय शहरी निकाय सम्मेलन का हरियाणा में होने पर सभी हरियाणावासियों को गर्व है। कल्याण ने हरियाणा को यह जिम्मेदारी देने पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का भी आभार जताया वहीं सम्मेलन के भव्य आयोजन के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का भी धन्यवाद किया। श्री कल्याण ने कहा कि यह मंच शहरों के विकास की चुनौतियों पर विचार करने और समाधान खोजने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि मुझे पूरा भरोसा है कि इसी मंच से बेहतर शासन व्यवस्था और ठोस सुझाव और नीतियां बाहर आएंगी।

हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के मार्गदर्शन में राज्यों के विधानमंडल और विधानसभाओं के बीच अच्छा संवाद बढ़ रहा है। यह दो दिवसीय सम्मेलन निश्चित तौर पर मील का पत्थर साबित होगा और नगर निकायों को प्रेरित करेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक देश, एक विधायिका के विजन को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने आह्वान करते हुए कहा कि हम सभी मिलकर एक जिम्मेदार लोकतंत्र बनाने की दिशा में काम करेंगे।

हरविंद्र कल्याण ने कहा कि इस तरह के सम्मेलन से जिम्मेदारियों को समझने का अच्छा मौका मिलता है। बेहतर और सार्थक संवाद के माध्यम से अच्छे समाधान निकलते हैं और जनहित के लिए अच्छे फैसले लिए जा सकते हैं। हमारा उद्देश्य नगर निकाय को सशक्त बनाना है ताकि लोगों की समस्याओं का तुरंत समाधान हो सके। उन्होंने कहा कि देश में इस तरह का सम्मेलन एक अच्छी पहल है जिसके दूरगामी परिणाम निकलेंगे।

हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि लोकसभा के सहयोग से हरियाणा विधानसभा संविधान के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का निरंतर प्रयास कर रही है। सभी उपस्थित प्रतिनिधियों का आह्वान करते हुए हरविंद्र कल्याण ने कहा कि हम सभी यहां से यह संकल्प लेकर जाएं कि संवाद केवल शब्दों तक सीमित ना रहे, बल्कि स्थायी बदलाव और सशक्त निकायों की स्थापना की दिशा में आगे बढ़े।

प्रथम सत्र में लोकसभा महासचिव उत्पल सिंह ने मुख्य विषयों और कार्यशाला की सरंचना पर प्रस्तुति दी। शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने सम्मेलन में आए सभी नेताओं, प्रतिनिधियों और लोकसभा व विधानसभा अध्यक्षों का आभार जताया। सत्र के समापन पर हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को भगवत गीता भेंट की।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story