जींद : प्रधानमंत्री के आगमन से प्रदेश में नए विश्वास, विकास और भविष्य का संगम बनेगा : बेदी
जींद, 09 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा परियोजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास से प्रदेश में नए विश्वास, विकास और भविष्य का संगम बनेगा। प्रधानमंत्री का यह दौरा हरियाणा में मजबूत आधारभूत ढांचा, औद्यौगिक एवं व्यापारिक गतिविधियों के भी नए अवसर और विस्तार को बढ़ावा देगा। प्रदेश के लोगों को जहां परियोजनाओं का सीधा लाभ मिलेगा वहीं स्वास्थ्य सेवाओं और मजबूत कनेक्टिविटी की सुविधाएं भी मिलेगी।
हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी गुरूवार को विश्राम गृह में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। बेदी ने कहा कि जींद के एकलव्य स्टेडियम में होने वाली रैली पूरी तरह से इको फ्रेंडली होगी। 17 जुलाई को प्रदेश में विकास के नए युग का श्रीगणेश होगा। इस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद से देश की पहली हाइड्रोजन संचालित ट्रेन को हरी झंडी दिखा कर रवाना करेंगे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री भिवानी एवं नारनौल में नवनिर्मित दो बड़े श्रीराम मेडिकल कॉलेजों का उद्घाटन करेंगें। साथ ही 10 किलोमीटर लंबा कुरूक्षेत्र एलिवेटिड रेलवे ट्रैक का शुभारंभ करेंगे।
इस ट्रैक के बनने से क्षेत्र वासियों को करीब आधा दर्जन रेलवे फाटकों पर लगने वाले जाम से निजात मिलेगी। कृष्ण कुमार बेदी ने आगे बताया कि प्रधानमंत्री अंबाला, काला अंब, ग्रीनफील्ड फोरलेन कॉरिडोर का विस्तार, दिल्ली-कटरा एक्सप्रेस वे के हरियाणा खंड का उद्घाटन, जींद-गोहाना एनएच 352ए, हांसी बरवाला फोरलेन तथा बीकानेर-सिवानी-सोनीपत सड़क परियोजनाओं के विस्तार और कुरूक्षेत्र में अत्याधुनिक सिख म्यूजियम का शिलान्यास भी करेंगे।
साथ ही वर्चुअल माध्यम से प्रदेश के अन्य क्षेत्रों के लिए भी विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शुभारम्भ करेंगे। इन सभी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास जींद में प्रस्तावित जनसभा से ही वर्चुअल माध्यम से किया जाएगा। इसके अलावा करोड़ों रुपये की अन्य विकास परियोजनाओं का भी प्रधानमंत्री उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री का जींद दौरा प्रदेश के विकास का साक्षी बनेगा और प्रगति की नई इबारत लिखेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

