जींद: जिले में अलग-अलग हादसों में एक फोटोग्राफर सहित दो की मौत
जींद, 04 जुलाई (हि.स.)। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में एक फोटोग्राफर सहित दो लोगों की मौत हो गई। हादसों में एक मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। रेलवे पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में ले नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया है।
गांव बुढाखेड़ा निवासी विनित गत 15 जून को देर शाम को घूमने गया हुआ था। गांव के निकट ही जींद-सफीदों मार्ग पर तेजरफ्तार कार ने विनित को टक्कर मार दी। जिसमें विनित गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने विनित को नागरिक अस्पताल पहुंचाया। घटना को अंजाम देकर चालक मौके से फरार हो गया। जहां से चिकित्सको ने उसकी गंभीर हालात देख पीजीआई रेफर कर दिया। घटना के बाद से विनित कोमा में था।
बीती रात विनित ने पीजीआई मे उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना की सूचना पाकर सदर थाना सफीदों पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालातों का जायजा लिया। मृतक के बड़े भाई जयदीप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया की उसका छोटा भाई विनित आईटीआई करने के बाद फोटाग्राफी का काम करता था। पीछे से तेजरफ्तार कार ने उसके भाई को टक्कर मार दी। जिसमें गंभीर चोटें लगने से उसके भाई की पीजीआई में उपचार के दौरान मौत हो गई।
ट्रेन की चपेट में आने से अज्ञात युवक की मौत
दिल्ली-कुरुक्षेत्र रेलवे लाइन पर नरवाना-कलायत के बीच ट्रेन की चपेट में आने से अज्ञात युवक की मौत हो गई। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया है। रेलवे थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि नरवाना-कलायत स्टेशन के बीच 20 वर्षीय एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। युवक की तलाशी ली तो उसके पास से ऐसा कुछ नहीं मिला, जिससे उसकी शिनाख्त हो सके। रेलवे थाना के जांच अधिकारी एएसआई गुरमेल सिंह ने बताया कि युवक के दाहिने हाथ पर ओम और महाकाल लिखा हुआ है। वह लाल रंग की टीशर्ट और नीले रंग की कैपरी पहने हुए है। बाएं कान में मुर्की और दाएं हाथ में कड़ा पहने हुए है। मृतक युवक के शव को शिनाख्त के लिए नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

