सिरसा: युवा राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति: कुलपति

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा: युवा राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति: कुलपति


सिरसा, 30 जुलाई (हि.स.)। चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय (सीडीएलयू) सिरसा के कुलपति प्रो. विजय कुमार ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं और देश का भविष्य उनके चरित्र, संस्कार तथा सकारात्मक सोच पर निर्भर करता है। उन्होंने कहा कि नशा युवाओं की प्रतिभा, ऊर्जा और सपनों को नष्ट कर देता है, इसलिए प्रत्येक युवा को इस बुराई से स्वयं दूर रहकर समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान करते हुए कहा कि शिक्षा, खेल, अनुसंधान, नवाचार और सामाजिक सेवा जैसे रचनात्मक कार्यों में सक्रिय भागीदारी ही उन्हें सफलता के शिखर तक पहुंचा सकती है। कुलपति गुरुवार को माई भारत संगठन के नशा मुक्त युवा विकसित भारत अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित भी किया।

सिरसा के पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने कहा कि यदि विद्यार्थी जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ेंगे तो कोई भी बाधा उन्हें सफलता प्राप्त करने से नहीं रोक सकती। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को कुसंगति तथा ‘‘मैं नहीं कर सकता’’ जैसी नकारात्मक सोच को छोडक़र सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ निरंतर मेहनत करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विश्व की प्रत्येक महान शख्सियत के जीवन में संघर्ष, लक्ष्य के प्रति समर्पण और कठिन परिस्थितियों से लडऩे का साहस दिखाई देता है।

उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि यदि समाज को नशामुक्त बनाना है तो इसकी शुरुआत स्वयं युवाओं को करनी होगी। इसलिए प्रत्येक युवा का दायित्व है कि वह स्वयं नशे से दूर रहे तथा अपने मित्रों, परिवार और आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करे। माई भारत के जिला युवा अधिकारी धनपत सिंह ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां व सामाजिक संदेश पर आधारित लघु नाटिकाओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने नशे के दुष्परिणामों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story