हिसार : जिला बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव 15 मई को, कोषाध्यक्ष पद महिला अधिवक्ता के लिए आरक्षित

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : जिला बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव 15 मई को, कोषाध्यक्ष पद महिला अधिवक्ता के लिए आरक्षित


ईवीएम से होंगे बार के चुनाव, अधिवक्ता सुनील कुमार तिवारी बने रिटर्निंग ऑफिसरहिसार, 04 अप्रैल (हि.स.)। जिला बार एसोसिएशन के वर्ष 2026-27 के वार्षिक चुनाव आगामी 15 मई को होंगे। यह निर्णय बार कार्यालय में आयोजित एडहॉक कमेटी की शनिवार काे हुई बैठक में लिया गया। बैठक में बार काउंसिल ऑफ पंजाब एंड हरियाणा के पत्र, माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों और महिला अधिवक्ताओं के आरक्षण सहित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि 15 मई को होने वाले मतदान में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, संयुक्त सचिव एवं कोषाध्यक्ष के पदों के लिए वोट डाले जाएंगे। चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए अधिवक्ता सुनील कुमार तिवारी को रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया गया है। उनके सहयोग के लिए सहायक रिटर्निंग ऑफिसर्स की भी नियुक्ति की गई है।ईवीएम से होगा मतदान और 30 प्रतिशत महिला आरक्षणएडहॉक कमेटी ने फैसला लिया कि पिछले वर्ष की भांति इस वर्ष भी चुनाव इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के माध्यम से ही करवाए जाएंगे जिसकी सभी औपचारिकताएं चुनाव समिति द्वारा पूर्ण की जाएगी। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का पालन करते हुए कार्यकारिणी में महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया गया है। इसी कड़ी में निर्वाचित कार्यकारिणी के पांच मुख्य पदों में से कोषाध्यक्ष का पद महिला अधिवक्ता के लिए आरक्षित रहेगा। पूरी कार्यकारिणी में सदस्यों की कुल संख्या अधिकतम 21 होगी। चुनाव में भाग लेने के लिए नामांकन शुल्क और अनुभव की शर्तें बार काउंसिल के नियमों के अनुसार ही रहेंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story