जींद :भवन निर्माण मजदूरों ने फूंका श्रम मंत्री का पुतला

WhatsApp Channel Join Now
जींद :भवन निर्माण मजदूरों ने फूंका श्रम मंत्री का पुतला


जींद, 31 मई (हि.स.)। भवन निर्माण कामगार यूनियन हरियाणा के आह्वान पर निर्माण मजदूरों ने शनिवार रात गांव मनोहरपुर में श्रम मंत्री का पुतला फूंक रोष जताया। मजदूरों ने सरकार द्वारा निर्माण मजदूरों की लगातार अनदेखी और उनके अधिकारों पर किए जा रहे हमलों को लेकर रोष जताया।

पुतला दहन से पहले रोष बैठक को संबोधित करते हुए यूनियन के जिला सचिव संदीप जाजवान ने कहा कि हरियाणा भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड का पोर्टल पिछले 11 महीनों से बंद पड़ा है। जिसके कारण लाखों निर्माण मजदूर पंजीकरण, नवीनीकरण तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हैं।

उन्होंने कहा कि वर्षों से कन्यादान योजना सहित अन्य योजनाओं की सहायता राशि भी मजदूरों को नहीं दी जा रही है। सरकार फर्जीवाड़े का बहाना बना कर निर्माण मजदूरों के हक व अधिकारों पर डाका डालने का काम कर रही है। यूनियन के ब्लॉक सचिव पवन कुमार ने कहा कि निर्माण मजदूर प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं लेकिन भाजपा सरकार मजदूरों की समस्याओं के समाधान की बजाय उनके अधिकारों को खत्म करने पर तुली हुई है।

मजदूर लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं लेकिन सरकार उनकी सुनवाई नहीं कर रही है। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही निर्माण मजदूरों का पोर्टल नहीं खोला, कन्यादान एवं अन्य योजनाओं की लंबित सहायता राशि जारी नहीं की तथा मजदूर विरोधी नीतियों को वापस नहीं लिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

इसके तहत गांव-गांव मुख्यमंत्री और श्रम मंत्री के पुतले फूंके जाएंगे तथा 19 जून को जींद ब्लॉक में विशाल मजदूर पंचायत आयोजित कर भाजपा सरकार की शवयात्रा निकाली जाएगी। इस अवसर पर इकाई प्रधान जसमेर, इकाई सचिव रामदास, मदन, सुखबीर सहित बड़ी संख्या में निर्माण मजदूर उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story