हिसार : अपराध छोड़कर नई जिंदगी शुरू करना चाहते हैं तो पुलिस थामेगी हाथ : सिद्धांत जैन

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : अपराध छोड़कर नई जिंदगी शुरू करना चाहते हैं तो पुलिस थामेगी हाथ : सिद्धांत जैन


सजा पूरी कर समाज की मुख्यधारा में लौटने वालों और नशा छोड़ चुके युवाओं को

सकारात्मक जीवन के लिए किया जाएगा प्रोत्साहित

हिसार, 14 सितंबर (हि.स.)। अपराध के खिलाफ सख्ती के साथ अब अपराध का रास्ता

छोड़कर सामान्य जिंदगी शुरू करने वालों को जिला पुलिस नई दिशा देने का प्रयास करेगी।

पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने साेमवार काे कहा कि जो व्यक्ति अपनी पुरानी गलतियों को पीछे छोड़

ईमानदारी और मेहनत से नई जिंदगी शुरू करना चाहता है, उसे सुधार का अवसर मिलना चाहिए।

ऐसे लोगों का हाथ थामकर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने में पुलिस हरसंभव सहयोग

करेगी।

एसपी ने कहा कि जेल से सजा पूरी कर बाहर आने वाले व्यक्तियों, अपराध से दूरी

बना चुके युवाओं और नशा छोड़कर सामान्य जीवन जीने का प्रयास कर रहे युवाओं को परिवार

व समाज के साथ दोबारा बेहतर तरीके से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। ऐसे लोगों

को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़कर उन्हें दोबारा अपराध की ओर लौटने से रोकने के प्रयास

होंगे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को भी निर्देश दिए कि ऐसे व्यक्तियों

के साथ कानून के दायरे में मानवीय और सकारात्मक व्यवहार किया जाए तथा उनकी वास्तविक

समस्याओं को समझने का प्रयास किया जाए।

एसपी ने कहा कि नशे की गिरफ्त से बाहर निकलना बड़ी उपलब्धि है। ऐसे युवाओं

को खेल, शिक्षा, रोजगार और अन्य सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के लिए संबंधित विभागों

व सामाजिक संस्थाओं का सहयोग लिया जाएगा। पुलिस पहले से ही नशा मुक्ति और जागरूकता

अभियानों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित कर रही है। उन्होंने

कहा कि गलती की सजा कानून देता है, लेकिन सुधार का रास्ता समाज खोलता है। अपराध छोड़ने

की इच्छा रखने वाले व्यक्ति को बेहतर नागरिक बनने का अवसर देना पुलिस और समाज दोनों

की जिम्मेदारी है। आमजन भी ऐसे लोगों का सामाजिक बहिष्कार करने के बजाय उन्हें सकारात्मक

माहौल दें, ताकि वे सम्मानजनक जीवन जी सकें और दोबारा अपराध की ओर न लौटें।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story