अपडेट--हांसी ब्रांच नहर में डूबकर वृद्ध की मौत
जींद, 21 मई (हि.स.)। मीट मार्केट के निकट घोड़ा पुली पर हांसी ब्रांच नहर में गिर कर डूबने से एक वृद्ध व्यक्ति की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के शव का गुरूवार को नागरिक अस्पताल मे पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है।
तेलियान मोहल्ला निवासी दर्शन लाल (54) बुधवार को दोपहर बाद हर रोज की भांति ताश खेलने बुजुर्गों के पास जा रह था। मीट मार्केट हांसी ब्राच नहर पर बनी घोड़ा पुली को पार कर रहा था तो वह नहर में गिर गया। उस दौरान किसी का ध्यान उस तरफ नही गया। वह पानी में डूब गया और बहता हुआ रेलवे पुल के पास पहुंच कर अटक गया। वहां पर नहा रहे लोगों का ध्यान पानी में अटके शव पर पड़ा। सूचना पाकर शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में ले नागरिक अस्पताल पहुंचाया।
मृतक की पहचान भी परिजनों ने कर ली। गुरूवार को जानकारी देते हुए मृतक के बेटे गौरव ने बताया कि उसके पिता को मिर्गी के दौरे आते थे। वह बुजुर्गों के पास ताश खेलने जाते थे। उन्होंने आशंका जताई कि घोड़ा पुली को पार करते समय उसके पिता को दौरा पड़ा है और वे नहर मे गिर गए। जिसके चलते उसके पिता की मौत हुई है। शहर थाना पुलिस ने इत्तफाकिया कार्रवाई कर शव का पोस्टममार्टम करा परिजनों को साैंप दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

