जींद: हनी ट्रैप: मर्चेंट नाविक से ठगे आठ लाख

WhatsApp Channel Join Now
जींद: हनी ट्रैप: मर्चेंट नाविक से ठगे आठ लाख


जींद, 09 अक्टूबर (हि.स.)। साइबर थाना पुलिस ने एक लड़के द्वारा लड़की बन कर मर्चेंट नाविक से आठ लाख रुपये ठगने पर धोखाधडी का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गांव बुढाखेड़ा निवासी सचिन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मर्चेंट नेवी में एबी के पद पर कार्यरत है। 26 फरवरी का वह नौकरी पर दुबई चला गया था।

उस दौरान स्नैप चैट पर डा. कोमल नाम की लड़की से चैट होने लगी। जिसके बाद उसकी दोस्ती हो गई। फिर व्हाट्सअप पर बातचीत होने लगी। बात शादी करने तक जा पहुंची। कोमल द्वारा दिए गए स्कैनर से वह जरूरत के हिसाब से रुपये डाल देता था। गत अगस्त महीने तक वह आठ लाख रुपये स्कैनर से भेज चुका था। जिसके बाद 27 अगस्त को वह अपने घर लौट आया। जब उसने कोमल से मिलने के लिए बातचीत की तो उसने मिलने से मना कर दिया।

जब उसने अपने स्तर पर जांच की तो वह डा. कोमल न होकर गांव गौच्छी जिला झज्जर निवासी साहिल निकला। जो लड़की बन कर उसके साथ बातचीत करता था। आरोपित ने शादी का झांसा देकर उसके आठ लाख रुपये हड़प लिए। साइबर थाना पुलिस ने सचिन की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। शुक्रवार को जानकारी देते हुए साइबर थाना के जांच अधिकारी धर्मवीर सिह ने बताया कि धोखाधड़ी कर राशि हड़पने की शिकायत की गई थी। फिलहाल मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story