जींद : छात्रों ने प्राध्यापक को चाकू से गोदकर किया घायल

WhatsApp Channel Join Now
जींद : छात्रों ने प्राध्यापक को चाकू से गोदकर किया घायल


जींद, 23 जुलाई (हि.स.)। नरवाना में एक स्कूल प्राध्यापक पर कुछ छात्रों ने चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देकर आरोपित छात्र फरार हो गए। शहर थाना नरवाना पुलिस ने घायल प्राध्यापक की शिकायत पर एक छात्र को नामजद कर कुछ अन्य के खिलाफ जानलेवा हमला करने सहित विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हाउसिंग बोर्ड कालोनी नरवाना निवासी सतीश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह नरवाना में संस्था के स्कूल में फिजिक्स का प्राध्यापक है। गत 21 जुलाई को सुबह स्कूल के ही 12 वीं कक्षा के छात्र गांव हथो निवासी आशीष ने उसके फोन पर व्हाट्सअप कॉल कर जान से मारने की धमकी दी। स्कूल की छुट्टी होने के बाद वह अपने घर जा रहा था। रास्ते में आशीष तथा उसके दोस्तों ने पीछे से चाकू से हमला कर दिया। जिसमें वह घायल हो गया।

घटना को अंजाम देकर आरोपित अपने साथियों के साथ फरार हो गया। राहगीरों ने उसे नरवाना नागरिक अस्पताल पहुंचाया। जहां से चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालात को देखते हुए हायर इंस्टीच्यूट रेफर कर दिया। छात्र आशीष अपराधिक प्रवृति का है। स्कूल से सस्पेंड भी किया जा चुका है। पिता द्वारा शपथ पत्र दिए जाने पर आरोपित को दाखिला स्कूल में दिया गया था। शहर थाना नरवाना के जांच अधिकारी विक्रम सिंह ने बताया कि पुलिस ने घायल प्राध्यापक की शिकायत पर आशीष को नामजद कर कुछ अन्य के खिलाफ जानलेवा हमला करने समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story