जींद : विवाहिता ने फांसी का फंदा लगा की आत्महत्या
जींद, 12 जुलाई (हि.स.)। जुलाना क्षेत्र के झमोला गांव में एक विवाहिता ने रविवार को फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत के आधार पर पति सहित छह लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में मामला दर्ज किया है।
गांव पौली निवासी रमेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बेटी पूजा की शादी करीब 10 वर्ष पहले गांव झमोला गांव निवासी मनदीप के साथ हिंदू रीति रिवाज से हुई थी। शादी में जरूरत के अनुसार सामान भी दिया गया था लेकिन विवाह के बाद से ही पति मनदीप, ससुर संजय, सास नरेश, ननंद सुषमा व उसके दामाद की मौसी उर्मिला तथा परिवार के अन्य सदस्य अतिरिक्त दहेज की मांग करते हुए उसकी बेटी को प्रताडि़त करते रहे।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपित अक्सर पूजा के साथ मारपीट करते थे और उसे मानसिक रूप से परेशान करते थे। कई बार समझौते के प्रयास भी किए गए लेकिन इसके बावजूद प्रताडऩा बंद नहीं हुई। मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि लगातार हो रही प्रताडऩा से तंग आकर उसकी बेटी ने फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली।
पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत के आधार पर पति मनदीप, ससुर संजय, सास नरेश, ननंद सुषमा व उसके दामाद की मौसी उर्मिला व अन्य के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रविवार को जानकारी देते हुए जुलाना थाना प्रभारी कमल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत के आधार पर पति सहित छह आरोपितों के खिलाफ आत्महत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

