जींद : डीजे बंद कराने पहुंची ईवीआर टीम पर हमला, इंचार्ज समेत तीन पुलिस कर्मी घायल
जींद, 20 नवंबर (हि.स.)। जुलाना खंड के गांव पोली में गुरूवार रात डीजे बजाने की शिकायत पर पहुंचे ईवीआर कर्मियों पर कुछ लोगों ने हमला कर घायल कर दिया। जिसमें ईवीआर इंचार्ज ईएएसआई समेत तीन पुलिस कर्मी घायल हो गए। पुलिस ने ईवीआर इंचार्ज की शिकायत पर तीन लोगों को नामजद कर सात अन्य के खिलाफ मारपीट करने वर्दी फाडऩे समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पंचकूला हैडक्वाटर से सूचना मिली थी कि गांव पोली में गुरूवार रात तक डीजे बजाया जा रहा है। जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा रहा है। सूचना के आधार पर ईवीआर इंचार्ज ईएएसआई बिजेंद्र के नेतृत्व मे चालक ईएचसी जसबीर, एसपीओ दलशेर गांव मे पहुंच गए। जहां पर कॉल करने वाला नीरज भी मिल गया। जब ईवीआर कर्मी डीजे को बंद करवाने गली में पहुंचे तो शराब के नशे में धुत्त कुछ लड़कों ने उनका रास्ता रोक लिया और डीजे बंद करवाने का विरोध किया। ईएएसआई बिजेंद्र ने युवकों को समझाने की कोशिश की लेकिन ईवीआर कर्मियों से उलझ गए और हाथापाई तथा मारपीट पर उतर आए।
हमलावर युवकों ने चालक ईएचसी जसबीर के सिर में लाठी दे मारी। जिसमें वह घायल हो कर गिर गया। मारपीट मे ईवीआर इंचार्ज बिजेंद्र तथा एसपीओ दलशेर को भी चोटें आई और उनकी वर्दी भी फट गई। मौके पर पहुंचे गणमान्य लोगों ने पुलिसकर्मियों को छुड़वा कर सीएचसी जुलाना में भर्ती करवाया।
जुलाना थाना के जांच अधिकारी कुलदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने ईवीआर इंचार्ज ईएएसआई बिजेंद्र की शिकायत पर आरोपित गांव पोली निवासी सोमी फौजी, जोगेंद्र, मोहित को नामजद कर सात अन्य के खिलाफ मारपीट करने, वर्दी फाडऩे, गाली गलौज करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

