जींद : इनकम टैक्स में नौकरी लगवाने का झांसा देकर दस लाख ठगे

WhatsApp Channel Join Now
जींद : इनकम टैक्स में नौकरी लगवाने का झांसा देकर दस लाख ठगे


जींद, 08 अगस्त (हि.स.)। सिविल लाइन थाना पुलिस ने दिल्ली इनकम टैक्स विभाग में नौकरी लगवाने का झांसा देकर दस लाख रुपये हड़पने पर चार लोगों को नामजद कुछ अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। गांव हैबतपुर निवासी सुनीता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि अर्बन एस्टेट निवासी अमन लगभग दो साल से उनके घर दूध लेने आता था।

अमन ने बताया कि उनके जानकार तथा रिश्तेदार इनकम टैक्स विभाग में बड़े पदों पर है। जिनकी गृह मंत्रालय मे अच्छी पकड़ है। वर्ष 2025 में अमन ने कहा कि किसी को नौकरी लगवाना हो तो बता देना। अमन के झांसें में आकर उसने अपने बेटे निशांत तथा भतीजे निखिल को इन्कम टैक्स में नौकरी लगवाने के बारे मे कहा। जिसकी एवज में उसने 24 लाख रुपये की डिमांड की। दो अगस्त 2025 को अमन उसे अपने घर ले गया और अपनी मां निशा शर्मा से मिलवाया।

चार अगस्त 2025 को उसने अमन, उसकी मां निशा शर्मा तथा पिता राममेहर को 20 लाख रुपये प्रबंध कर दे दिए। जिसके बाद अमन तथा उसके बेटे निशांत तथा निखिल को दिल्ली गृह मंत्रालय के निकट ले गया। जहां पर उसने एक व्यक्ति से इनकम टैक्स का बड़ा अधिकारी कर मिलवाया। जिसका नाम विजय राठौड़ बताया। विभाग के लोगों ने यह भी बताया कि नौकरी को लेकर काफी लोगों के साथ धोखाधड़ी भी हो चुकी है। जिसके बाद वे घर वापस लौट आए और अमन से रुपये वापस मांगे। आरोपितों ने 22 दिसंबर तक दस लाख रुपये लौटा दिए। बकाया राशि को आरोपितों ने शपथ पत्र देकर जल्द राशि लौटाने आश्वासन दिया। बावजूद इसके उनकी बकाया राशि दस लाख को नही लौटाया। जब उन्होंने राशि के लिए दबाव बनाया तो आरोपितों ने राशि लौटाने से मना कर दिया और बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी। शनिवार को जानकारी देते हुए सिविल लाइन थाना के जांच अधिकारी आशीष ने बताया कि सिविल लाइन थाना पुलिस ने सुनीता की शिकायत पर अमन, उसके पिता राममेहर ,मां निशा शर्मा, विजय राठौड़ को नामजद कर कुछ अन्य के खिलाफ धोखाधाड़ी के तहत मामला दर्ज किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story