जींद : चार गूंगें व बहरे युवकों को बेरहमी से पीटा, अपहरण कर बनाया बंधक

WhatsApp Channel Join Now
जींद : चार गूंगें व बहरे युवकों को बेरहमी से पीटा, अपहरण कर बनाया बंधक


जींद, 06 अगस्त (हि.स.)। गांव खरकबूरा के निकट कार सवार युवकों ने गूंगे व बहरे युवकों का अपहरण कर बंधक बना कर बेरहमी से मारपीट की। किसी तरह युवक पुलिस को सूचना देने में कामयाब हुए। उचाना थाना पुलिस ने गुरुवार काे शिकायत के आधार पर एक व्यक्ति को नामजद कर आठ अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

गांव गुलाडी, जिला संगरूर (पंजाब) निवासी सुभाष ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका भतीजा गुरमीत उसके दोस्त विनित, रवि, गांव पालवां निवासी रविंद्र गूंगे व बहरे हंै। गत 19 जुलाई को चारों गांव घसो खुर्द के पास से गुजर रहे थे। तभी दो अज्ञात युवकों ने उनके साथ झगड़ा शुरू कर दिया। जिस पर उसका भतीजा व उसके तीनों दोस्त बाइक से उचाना की तरफ निकल पड़े। आरोपित युवकों ने अपने दोस्तों को फोन कर बुला लिया। आरोपितों ने कार से पीछा कर उन्हें गांव खरकबूरा के निकट उनकी बाइक को टक्कर मार गिरा दिया। जिनकी संख्या छह थी। आरोपितों ने चारों को डंडों तथा पिस्तौल के बट से पीटा। उनसे कुछ रुपये तथा दस्तावेज छीन लिए। कार चालक ने उसके भतीजे गुरमीत के पांव पर टायर चढा दिया। किसी तरह गुरमीत तथा उसका दोस्त विनित मौका पाकर भाग निकलने में कामयाब हो गए। जबकि रवि तथा रविंद्र को आरोपित गाड़ी में डाल कर गांव घसो खुर्द एक मकान में ले गए और वहां पर बंधक बना लिया और उनके साथ मारपीट की।

जान बचा कर निकले गुरमीत तथा विनित गांव पालवां निवासी रविंद्र के घर पहुंचे और इशारों तथा फोन के माध्यम से घटना के बारे में बताया। उचाना थाना के जांच अधिकारी कृष्ण कुमार ने बताया कि पुलिस ने सुभाष की शिकायत पर एक व्यक्ति को नामजद कर आठ अन्य के खिलाफ जानलेवा हमला करने, शस्त्र अधिनियम, अपहरण करने, बंधक बनाने समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story