जींद : हनी ट्रैप का मामला दर्ज होने के बाद महिला ने करवाया दुष्कर्म का मामला दर्ज

WhatsApp Channel Join Now
जींद : हनी ट्रैप का मामला दर्ज होने के बाद महिला ने करवाया दुष्कर्म का मामला दर्ज


जींद, 02 जुलाई (हि.स.)। सदर थाना क्षेत्र के तहत एक फैक्टरी में मालिक व उसके कर्मचारी द्वारा दुष्कर्म किए जाने पर सदर थाना पुलिस ने पीडि़ता की शिकायत पर दुष्कर्म सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं हार्डवेयर स्पेयर पार्ट कारोबारी तथा उसके नौकर को हनी ट्रैप में फांस ब्लैकमेल कर रुपये ऐंठने तथा समझौते के नाम पर तीस लाख रुपये की डिमांड करने में पुलिस ने दुष्कर्म पीडि़ता सहित तीन महिलाओं के खिलाफ ब्लैकमेल करने, अवैध वसूली करने समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत पहले ही मामला दर्ज किया हुआ है। पुलिस दोनों ही मामलों की जांच कर रही है।

सिविल लाइन थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सदर थाना के तहत एक फैक्टरी में काम करती है। फैक्टरी मालिक हबीब व मैनेजर मोनू द्वारा उसे झांसे में लेकर दुष्कर्म किया गया। पीडि़ता ने आरोप लगाया कि वह इस दौरान गर्भवती भी हुई। दोनों ने मिलकर उसका गर्भपात भी करवाया। पुलिस ने पीडि़ता की शिकायत पर फैक्टरी मालिक हबीब व मैनेजर मोनू के खिलाफ दुष्कर्म, मारपीट करने व जबरन गर्भपात करवाने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

वहीं सदर थाना इलाके में रोहतक रोड पर हार्डवेयर तथा ट्रक स्पेयर पार्ट कारोबारी ने पुलिस को दी शिकायत में महिला तथा उसके दो अन्य साथियों पर भी हन्नी ट्रैप में फांस ब्लैकमेल कर रुपये ऐंठने तथा समझौते के नाम पर तीस लाख रुपये की डिमांड की शिकायत पर ननंद, भाभी समेत तीन महिलाओं के खिलाफ ब्लैकमेल करने, अवैध वसूली करने समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story