जींद : वाहन की टक्कर में खेत से लौट रहे किसान की मौत
जींद, 31 जुलाई (हि.स.)। गावं कर्मगढ़-कान्हाखेड़ा रोड पर खेत से लौट रहे किसान की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना नरवाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। चालक घटना को अंजाम देकर वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सदर थाना नरवाना पुलिस ने मृतक के भतीजे की शिकायत पर फरार वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मृतक के शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव कर्मगढ़ निवासी दलबीर गत 29 जुलाई रात को खेत में गया था। देर रात को वह जब घर लौट रहा था तो कान्हाखेड़ा रोड पर किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। जिसमें दलबीर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना को अंजाम देकर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। दलबीर को नागरिक अस्पताल लाए जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पाकर सदर थाना नरवाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालातों का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के भतीजे विकास की शिकायत पर फरार वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। सदर थाना नरवाना के जांच अधिकारी सर्बेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक खेत में गया था, रास्ते में हुए हादसे में उसकी मौत हो गई। फिलहाल मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

