सिरसा में कूड़ा उठाने को लेकर तनातनी, पुलिस ने 20 हिरासत में लिए

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा में कूड़ा उठाने को लेकर तनातनी, पुलिस ने 20 हिरासत में लिए


सिरसा, 29 अगस्त (हि.स.)। सिरसा में हड़ताली सफाई कर्मचारियों और पुलिस के बीच शनिवार को कूड़ा उठाने की कार्रवाई के दौरान तनातनी हो गई। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने कचरा उठाने में लगी जेसीबी और ट्रैक्टरों को रोकने का प्रयास किया और वाहनों के टायरों की हवा निकाल दी। गुस्साए कर्मचारियों ने नगर परिषद चेयरमैन कार्यालय के आगे भी कचरा डाल दिया। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने मोर्चा संभाला और करीब 20 प्रदर्शनकारी कर्मचारियों को हिरासत में लिया।

प्रशासन की ओर से सुबह जेसीबी, ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और अन्य वाहनों के माध्यम से डंपिंग प्वाइंटों से कचरा उठाने की कार्रवाई शुरू की गई। जैसे ही कर्मचारी कूड़ा उठाने के लिए पहुंचे, आंदोलनरत सफाई कर्मचारियों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। कई कर्मचारी कचरा उठाने वाली गाडिय़ों के आगे अड़ गए और उन्हें आगे बढऩे से रोकने का प्रयास किया। कूड़ा उठाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक तनाव बना रहा। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने प्रशासन की कार्रवाई का विरोध करते हुए नारेबाजी की। आरोप है कि कर्मचारियों पर पत्थर भी फेंके जिससे सफाई अभियान बाधित हुआ। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रास्ते से हटाने का प्रयास किया तो दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और धक्का-मुक्की जैसी स्थिति बन गई।

स्थिति को नियंत्रित करते हुए पुलिस ने करीब 20 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। इसके बाद पुलिस सुरक्षा के बीच जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से कचरा उठाने का काम जारी रखा गया। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिसकर्मी भी तैनात रहे ताकि दोबारा विवाद की स्थिति पैदा न हो। सफाई कर्मचारियों के आंदोलन के चलते शहर के बाजारों, मुख्य सडक़ों, कॉलोनियों और सार्वजनिक स्थानों पर सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

जगह-जगह जमा कचरे के कारण लोगों को दुर्गंध और गंदगी का सामना करना पड़ रहा है। हड़ताली कर्मचारियों का कहना है कि उनकी मांगों का समाधान करने के बजाय प्रशासन पुलिस बल के सहारे सफाई करवाने का प्रयास कर रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story