जींद : गांजा सहित नशा तस्कर गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
जींद : गांजा सहित नशा तस्कर गिरफ्तार


जींद, 19 जून (हि.स.)। डिटेक्टिव स्टाफ जींद ने भिवानी रोड से 427 ग्राम गांजा सहित एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस गिरफ्तार किए गए नशा तस्कर से नशा नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है।

डिटेक्टिव स्टाफ जींद के ईचांर्ज निरीक्षक मनीष कुमार ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि उनकी एक टीम पीएसआई अमित कुमार के नेतृत्व में भिवानी रोड पर गश्त कर रही थी। तभी सूचना मिली की एक व्यक्ति विकास नगर के पास काले रंग की पॉलिथीन में नशीला पदार्थ लेकर खड़ा है और उसे बेचने की फिराक में है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो एक व्यक्ति पुलिसकर्मियों को देख भागने का प्रयास करने लगा। जिस पर पुलिस टीम ने तत्परता से उसे काबू कर लिया।

पुलिस पूछताछ में व्यक्ति ने अपनी पहचान अजमेर बस्ती निवासी नरेश के रूम में बताई। नियमानुसार तलाशी लेने पर आरोपित के पास से गांजा बरामद हुआ। जिसका वजन कुल 427 ग्राम पाया गया। पुलिस ने गांजा को सील कर नरेश के खिलाफ नशीले पदार्थ निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है।

डिटेक्टिव स्टाफ जींद के ईचांर्ज निरीक्षक मनीष कुमार ने कहा कि नशा तस्करी एवं नशीले पदार्थों के कारोबार की किसी भी प्रकार की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णत: गोपनीय रखी जाएगी। समाज को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस और आमजन की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story