जींद : एक किलो 300 ग्राम अफीम के साथ दो गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
जींद : एक किलो 300 ग्राम अफीम के साथ दो गिरफ्तार


जींद, 20 सितंबर (हि.स.)। अलग-अलग स्थानों से सीआइए स्टाफ नरवाना ने दो नशा तस्करों को काबू कर उनके कब्जे से एक किलो 300 ग्राम अफीम बरामद की है। गढ़ी थाना पुलिस ने पकड़े गए दोनों नशा तस्करों के खिलाफ नशीले पदार्थ निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस दोनों से नशा नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है।

सीआइए स्टाफकर्मी गढ़ी-पीपलथा रोड नहर पुल पर आने जाने वाले वाहनों की जांच कर रहे थे। उसी दौरान सामने से एक बाइक सवार व्यक्ति आया। जो नाकेबंदी को देख कर बाइक वापस मोड़ कर जाने लगा। पुलिसकर्मियों ने बाइक सवार का पीछा कर उसे काबू कर लिया। बाइक की तलाशी लेने पर वाइजर से पॉलीथिन में बंद 600 ग्राम अफीम बरामद हुई।

पुलिस पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति की पहचान गांव पीपलथा निवासी जरनैल के रूप में हुई। वहीं सीआइए स्टाफ नरवाना की दूसरी टीम ने गांव गढ़ी से रसीदा रोड पर एक बुर्जग व्यक्ति को काबू कर उसके कब्जे से 700 ग्राम अफीम बरामद की है। पुलिस पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति की पहचान गांव पीपलथा निवासी कश्मीर सिंह के रूप में हुई है। गढ़ी थाना पुलिस ने जरनैल तथा कश्मीर सिंह के खिलाफ नशीले पदार्थ निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है।

रविवार को जानकारी देते हुए सीआइए नरवाना प्रभारी सुखदेव सिंह ने बताया कि सूचना के आधार पर दो नशा तस्करों को अफीम के साथ गिरफ्तार किया गया है। दोनों से नशा नेटवर्क को लेकर पूछताछ की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story