हिसार : सड़क पर मनमानी पड़ी भारी, बोलेरो का साढ़े 35 हजार व पटाखे बजाने वाली बुलेट का 26 हजार का चालान
बिना नंबर प्लेट, काली फिल्म और डीजे साउंड वाली बोलेरो इंपाउंड, मॉडिफाइड
साइलेंसर से पटाखे बजाने वाली बुलेट भी पुलिस ने जब्त की
हिसार, 16 सितंबर (हि.स.)। यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों
पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर पुलिस ने दो वाहनों
के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एक बोलेरो का साढ़े 35 हजार रुपये और पटाखे बजाने
वाली बुलेट मोटरसाइकिल का 26 हजार रुपये का चालान किया। दोनों वाहनों को इंपाउंड कर
दिया गया।
इंटरसेप्टर प्रभारी एसआई कुलदीप सिंह की टीम ने टोल प्लाजा पर चेकिंग के दौरान
बोलेरो को रोककर जांच की। पुलिस के अनुसार वाहन पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी, काली फिल्म
लगी हुई थी और डीजे साउंड से संबंधित नियमों का भी उल्लंघन किया जा रहा था। इन उल्लंघनों
पर वाहन का कुल 35 हजार 500 रुपये का चालान कर उसे इंपाउंड कर दिया गया।
इसी अभियान के तहत पीएलए चौकी प्रभारी एएसआई अनूप की टीम ने बुलेट मोटरसाइकिल
पर पटाखे बजाने और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने पर कार्रवाई की। पुलिस ने मोटरसाइकिल
का 26 हजार रुपये का चालान किया और उसे भी इंपाउंड कर दिया।
मॉडिफाइड साइलेंसर और काली फिल्म पर सख्ती
एएसपी मयंक मुदगिल ने बुधवार काे कहा कि सड़क पर वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन
करना प्रत्येक चालक की जिम्मेदारी है। मोटरसाइकिल के साइलेंसर में अनधिकृत बदलाव कर
पटाखे बजाना, बिना नंबर प्लेट वाहन चलाना, काली फिल्म लगाना और आवश्यक दस्तावेजों के
बिना वाहन चलाना स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि तेज आवाज वाले मॉडिफाइड
साइलेंसर और पटाखों की आवाज से आमजन को परेशानी होने के साथ सड़क पर अचानक दुर्घटना
का खतरा भी बढ़ सकता है। ऐसे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस ने
वाहन चालकों से अपील की है कि नंबर प्लेट स्पष्ट रखें, काली फिल्म और अनधिकृत मॉडिफिकेशन
से बचें, मॉडिफाइड साइलेंसर से पटाखे न बजाएं तथा वाहन के सभी आवश्यक दस्तावेज साथ
रखें।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

