हिसार : बीकानेर मंडल की आय में 11.96 प्रतिशत की बढ़ोतरी, अक्टूबर तक 954.17 करोड़ रुपये कमाए

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : बीकानेर मंडल की आय में 11.96 प्रतिशत की बढ़ोतरी, अक्टूबर तक 954.17 करोड़ रुपये कमाए


यात्री किराये से आय 12.99 प्रतिशत बढ़ी,

आठ माह में 298.77 लाख यात्रियों

ने किया सफर ट्रेनों की समयपालना 94.24 प्रतिशत रही

हिसार, 18 नवंबर (हि.स.)। मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल के निर्देशन में बीकानेर

रेल मंडल ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में आय के मामले में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की

है। बेहतर यात्री सुविधाओं, माल परिवहन को बढ़ावा देने और विभिन्न विभागों के समन्वित

प्रयासों के चलते मंडल ने अप्रैल से अक्टूबर 2026 तक कुल 954.17 करोड़ रुपये की आय

अर्जित की है। पिछले वित्तीय वर्ष की समान अवधि में यह आय 852.27 करोड़ रुपये थी। इस

प्रकार मंडल की कुल आय में 11.96 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

मंडल की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार आरक्षित और अनारक्षित टिकटों की बिक्री

से अक्टूबर तक 395.81 करोड़ रुपये की आय हुई, जबकि पिछले वित्तीय वर्ष की समान अवधि

में यह 350.31 करोड़ रुपये थी।

इस मद में 12.99 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। अन्य

कोचिंग स्रोतों से 41.70 करोड़ रुपये की आय हुई, जो पिछले वर्ष की 41.02 करोड़ रुपये

की तुलना में 1.66 प्रतिशत अधिक है। मालभाड़े से मंडल को 346.46 करोड़ रुपये की आय हुई, जबकि पिछले वित्तीय वर्ष

की समान अवधि में यह आंकड़ा 322.02 करोड़ रुपये था। इस प्रकार मालभाड़े से आय में

7.59 प्रतिशत की वृद्धि हुई। वहीं अन्य विविध स्रोतों से 170.20 करोड़ रुपये की आय

अर्जित की गई, जो पिछले वर्ष की 138.92 करोड़ रुपये की तुलना में 22.52 प्रतिशत अधिक

है। आय के इन आंकड़ों में सबसे अधिक वृद्धि अन्य विविध स्रोतों से हुई है।

रेल आधारित माल परिवहन को बढ़ावा देने के लिए बीकानेर मंडल की ओर से औद्योगिक

इकाइयों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों के साथ लगातार संवाद किया जा रहा है। इसके लिए सुव्यवस्थित

कार्यप्रणाली, प्रभावी विपणन रणनीति और ग्राहक-केंद्रित दृष्टिकोण अपनाने के साथ माल

ढुलाई की प्रक्रियाओं को सरल एवं सुगम बनाने के लिए सुधार किए जा रहे हैं।

यात्री सुविधाओं में सुधार का असर यात्रियों की संख्या पर भी दिखाई दिया है।

वित्तीय वर्ष 2026-27 में अक्टूबर तक मंडल के विभिन्न स्टेशनों से 298.77 लाख यात्रियों

ने रेल यात्रा की, जबकि पिछले वित्तीय वर्ष की समान अवधि में यह संख्या 293.34 लाख

थी। इस प्रकार यात्रियों की संख्या में 1.85 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। वहीं अक्टूबर

2026 में मंडल की मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों की समयपालना 94.24 प्रतिशत रही। रेलवे

अधिकारियों के अनुसार बेहतर यात्री सुविधाएं उपलब्ध करवाने और ट्रेनों के समयबद्ध संचालन

को लेकर मंडल लगातार प्रयासरत है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779350 Articles

Share this story