जींद : नौगामा खाप चबूतरे पर 23 अगस्त को होगी पहली महिला महापंचायत
जींद, 13 अगस्त (हि.स.)। गांव रामराये स्थित नौगामा खाप चबूतरे पर गुरूवार को नौगामा खाप कार्यकारणी की बैठक नौगामा खाप प्रधान जयबीर लोहान की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि 23 अगस्त को नौगामा खाप चबूतरे पर पहली महिला महापंचायत बुलाई गई है। जिसकी अध्यक्षता सर्वजातिय सर्व खाप पंचायत महिला विंग प्रधान
संतोष दहिया करेंगी।
नौगामा खाप प्रधान जयबीर लोहान ने बैठक में कहा कि महिला महापंचायत का उद्देश्य महिलाओं की समस्याओं को समझना, उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाना और खाप व्यवस्था में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। यह पहली बार है जब नौगामा खाप स्तर पर इतने बड़े स्तर पर महिला महापंचायत बुलाई जा रही है। इसमें आसपास के गांवों की महिलाएं बड़ी संख्या में शामिल होने की उम्मीद है। बैठक में यह भी तय किया गया कि महापंचायत में महिलाओं से जुड़े मुद्दों जैसे शिक्षा, स्वास्थ्य, घरेलू हिंसा, दहेज प्रथा और सामाजिक कुरीतियों पर खुलकर चर्चा की जाएगी। संतोष दहिया के नेतृत्व में महिला विंग इस आयोजन को सवऊल बनाने के लिए पूरी तैयारी करेगी।
खाप के सभी सदस्यों से अपील की गई कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में महिलाओं को इस महापंचायत में शामिल होने के लिए प्रेरित करें। जयबीर लोहान ने कहा कि खाप व्यवस्था सदियों से सामाजिक न्याय और समरसता का प्रतीक रही है। अब समय आ गया है कि महिलाएं भी इसमें बराबर की हिस्सेदार बनें। 23 अगस्त की महिला महापंचायत इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगी। बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने इस निर्णय का स्वागत किया और महापंचायत को सफल बनाने का संकल्प लिया। इस मौके पर सर्वजातिय नौगामा खाप के प्रवक्ता उमेद सिंह जागलान, राजबीर फौजी, सुरेश शर्मा, सतपाल पहल, चंद्रभान नंबरदार, धर्मपाल, जय सिंह लोहान, राममेहर रामराये, रामचंद्र सैनी, सज्जन रेढू, कृष्ण, आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

