हिसार : बीकानेर रेल मंडल की आय 411 करोड़ रुपये के पार, यात्रियों की संख्या भी बढ़ी

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : बीकानेर रेल मंडल की आय 411 करोड़ रुपये के पार, यात्रियों की संख्या भी बढ़ी


बेहतर यात्री सुविधाओं का असर, अधिकारियों ने किया बेहतरी का दावा

हिसार, 15 जुलाई (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे के बीकानेर रेल मंडल ने वित्तीय

वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (जून तक) में आय और यात्री संख्या दोनों में उल्लेखनीय

वृद्धि दर्ज की है। बेहतर यात्री सुविधाओं, प्रभावी कार्यप्रणाली और माल परिवहन को

बढ़ावा देने के लिए अपनाई गई रणनीतियों का सकारात्मक परिणाम मंडल के राजस्व में साफ

दिखाई दे रहा है।

मंडल की ओर से बुधवार को जारी आंकड़ों के अनुसार मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल

के निर्देशन में वित्तीय वर्ष 2026-27 में जून माह तक आरक्षित एवं अनारक्षित टिकटों

की बिक्री से 163.81 करोड़ रुपये की आय हुई, जबकि पिछले वित्तीय वर्ष की इसी अवधि में

यह आय 142.49 करोड़ रुपये थी। इस प्रकार यात्री किराया आय में 14.96 प्रतिशत की उल्लेखनीय

वृद्धि दर्ज की गई।

इसी अवधि में अन्य कोचिंग मद से 19.89 करोड़ रुपये की आय हुई, जो पिछले वर्ष

के 19.20 करोड़ रुपये की तुलना में 3.59 प्रतिशत अधिक है। वहीं मालभाड़ा आय 143.64

करोड़ रुपये रही, जो पिछले वर्ष के 142.83 करोड़ रुपये की तुलना में 0.57 प्रतिशत की

बढ़ोतरी दर्शाती है। अन्य विविध स्रोतों से प्राप्त आय में सबसे अधिक वृद्धि दर्ज की

गई। इस मद में आय बढ़कर 84.07 करोड़ रुपये हो गई, जबकि पिछले वर्ष यह 68.99 करोड़ रुपये

थी। यानी 21.86 प्रतिशत की वृद्धि हुई।

इन सभी स्रोतों को मिलाकर वित्तीय वर्ष 2026-27 में जून माह तक बीकानेर रेल

मंडल की कुल आय 411.41 करोड़ रुपये रही, जबकि पिछले वित्तीय वर्ष की समान अवधि में

यह 373.51 करोड़ रुपये थी। कुल राजस्व में 10.15 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

मंडल ने रेल आधारित माल परिवहन को प्रोत्साहित करने के लिए औद्योगिक इकाइयों

और व्यापारिक प्रतिष्ठानों के साथ निरंतर संवाद स्थापित किया है। साथ ही ग्राहक-केंद्रित

कार्यशैली, प्रभावी विपणन रणनीति तथा माल ढुलाई प्रक्रियाओं को सरल एवं सुगम बनाने

के लिए कई सुधारात्मक कदम उठाए गए हैं।

बेहतर यात्री सुविधाओं का प्रभाव यात्री संख्या पर भी दिखाई दिया है। जून

2026 तक 127.64 लाख यात्रियों ने बीकानेर मंडल से यात्रा की, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि

में यह संख्या 121.12 लाख थी। यानी यात्रियों की संख्या में 5.38 प्रतिशत की वृद्धि

दर्ज की गई। यात्रियों की सुविधा और ट्रेनों के समय पर संचालन के क्षेत्र में भी मंडल

ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। जून 2026 में एक्सप्रेस ट्रेनों की 96.6 प्रतिशत समयपालनता

दर्ज की गई, जो यात्रियों को विश्वसनीय और गुणवत्तापूर्ण रेल सेवा उपलब्ध कराने की

दिशा में बीकानेर रेल मंडल की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story