सिरसा: सांसद सैलजा ने शहीद सुखचैन सिंह काे श्रद्धांजलि भेंट की

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा: सांसद सैलजा ने शहीद सुखचैन सिंह काे श्रद्धांजलि भेंट की


सिरसा, 20 सितंबर (हि.स.)। सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने रविवार को जिले के गांव कुत्ताबढ़ में शहीद लांस नायक सुखचैन सिंह के आवास पर पहुंचकर उनके परिजनों से मुलाकात की और भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर के राजौरी सेक्टर में कर्तव्य निभाते हुए मात्र 30 वर्ष की आयु में उनकी शहादत अत्यंत दु:खद है। मातृभूमि की सेवा में उनका समर्पण, साहस और कर्तव्यनिष्ठा सदैव सम्मानपूर्वक स्मरण की जाएगी। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

सांसद सैलजा सिरसा स्थित गुरुद्वारा साहब दसवीं पातशाही में शिरोमणि शहीद धन-धन बाबा जीवन सिंह के प्रकाश पर्व पर आयोजित समागम में पहुंची और माथा टेका। उन्होंने कहा कि बाबा जीवन सिंह का त्याग, वीरता और अटूट समर्पण मानवता को सेवा, साहस और समानता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता रहेगा। इसके बाद सैलजा सिरसा की अनाज मंडी में आयोजित डेरा बाबा भूमणशाह संगर साधा के सत्संग में पहुंची और कहा कि बाबा ब्रह्मदास महाराज 36 बिरादरी को भक्ति, भाईचारे और सामाजिक एकता का अच्छा संदेश दे रहे हैं। संत-महापुरुषों की शिक्षाएं समाज को जोडऩे और आपसी सद्भाव मजबूत करने का काम करती हैं।

मीडिया से बातचीत करते हुए डिजिटल भुगतान और यूपीआई से जुड़े सवाल पर सैलजा ने कहा कि ऐसे किसी भी फैसले का असर छोटे व्यापारियों, दुकानदारों और आम लोगों पर नहीं पडऩा चाहिए। उन्होंने कहा कि डिजिटल लेन-देन आज छोटे से छोटे कारोबार तक पहुंच चुका है, इसलिए इससे संबंधित नीति बनाते समय व्यापार और अर्थव्यवस्था पर पडऩे वाले प्रभाव का ध्यान रखना जरूरी है। इस मौके पर कालांवाली विधायक शीशपाल केहरवाला, पूर्व सांसद सुशील इंदौरा, कृष्णा फौगाट, राजेश चाडीवाल, वीरभान मेहता, नवीन केडिया, राजकुमार शर्मा, सतपाल मेहता, राजन मेहता, सर्वमित्र कंबोज, लादूराम पूनिया, सुभाष जोधपुरिया आदि कांग्रेस नेता मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story