हांसी में ऐतिहासिक किले पर बनी बाबा मीरा साहब की समाधि में तोड़फोड़, आग लगाई

WhatsApp Channel Join Now
हांसी में ऐतिहासिक किले पर बनी बाबा मीरा साहब की समाधि में तोड़फोड़, आग लगाई


पुलिस ने केस दर्ज करके जांच शुरू की, अनुयायियों में रोष

हिसार, 12 जून (हि.स.)। हांसी स्थित ऐतिहासिक किले पर बनी बाबा मीरा साहब की

समाधि में तोड़फोड़ और आगजनी की घटना से क्षेत्रवासियों में रोष है। शरारती तत्वों

ने समाधि परिसर में रखी बाबा मीरा साहब की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया और मजार

के अंदर रखे कपड़ों में आग लगा दी।

समाधि की देखरेख कर रहे कृष्ण दास ने बताया कि गुरुवार रात खराब मौसम के कारण

क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित थी, जिससे पूरे परिसर में अंधेरा था। उन्होंने बताया

कि रात को मजार पर कोई व्यक्ति नहीं रुका था। शुक्रवार सुबह जब वे मजार पर पहुंचे,

तो उन्होंने प्रतिमा को टूटा हुआ और मजार के भीतर रखे कपड़ों को जला हुआ पाया। इसके

बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

कृष्ण दास ने बताया कि यह समाधि लगभग 500 वर्ष पुरानी है। प्रारंभिक जांच में

किसी नकदी या अन्य सामान की चोरी की बात सामने नहीं आई है। हालांकि, जिस प्रकार एक

धार्मिक स्थल को निशाना बनाकर तोड़फोड़ और आगजनी की गई है, उससे स्थानीय समुदाय में

चिंता है।

घटना की सूचना मिलने पर किला बाजार चौकी प्रभारी अनिल कुमार अपनी पुलिस टीम

के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के क्षेत्र से

जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। पुलिस घटना में शामिल व्यक्तियों की पहचान करने का प्रयास

कर रही है।

इस घटना से बाबा मीरा साहब में आस्था रखने वाले लोगों में रोष है। स्थानीय

लोगों ने तोड़फोड़ करने वालों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने बताया कि

मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने

का प्रयास किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story