जींद : नए कानूनों को रद्द करवाने की मांग पर नगूरां व अलेवा में गरजे किसान

WhatsApp Channel Join Now
जींद : नए कानूनों को रद्द करवाने की मांग पर नगूरां व अलेवा में गरजे किसान


जींद, 04 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश सरकार द्वारा मंडियों में किसानों पर फसल बेचने को लेकर थाेपे जा रहे नए कानूनोंं को रद्द करवाने लेकर शनिवार को किसान तथा आढ़तियों ने हरियाणा संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर अलेवा अनाज मंडी के मुख्य गेट पर ताला लगा कर तथा नगूरां खरीद केंद्र पर धरना देकर विरोध जताया। अलेवा धरने की अध्यक्षता मंडी प्रधान गोविंद लोहान तथा नगूरां में धर्मपाल प्रधान ने की। धरने में मुख्य रूप से भारतीय किसान संघर्ष समिति के प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कोथ पहुंचे। इस दौरान नए कानूनों को रद्व करवाने को लेकर किसानों तथा आढतियों ने मुख्य मांगों को लेकर अलेवा थाना प्रभारी रामकुमार तथा नायब तहसीलदार उचाना अशोक कुमार को ज्ञापन सौंपा।

धरने दे रहे किसानों का कहना था कि जब तक प्रदेश सरकार मंडी में नए कानूनों का रद्द नहीं करती तब तक ऐसे ही पहले की तरह किसान मंडी में फसल बेचेगें और नए कानूनों का धरना देकर विरोध जारी रहेगा। धरने को संबोधित करते हुए भारतीय किसान संघर्ष समिति के प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कोथ ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार किसानों के हितों और देश की खाद्य सुरक्षा को अमेरिका को सौंप रही है। केंद्र सरकार के द्वारा जो ट्रेड डील की गई है, उस से किसान बर्बादी की कागार पर आ जाएगा। नायब सैनी सरकार पर धान खरीद में बड़े घोटाले को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रभावशाली लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय सरकार किसानों को अपनी फ सल बेचने के लिए अनुचित और दमनकारी शर्तें थोंप रही है। कोथ ने किसानों से कहा कि इस तरह गेट बंद करने से कोई फ ायदा नहीं है। सभी किसानों की फ सल अंदर जाने दो गेट पास काटने दो हमें केवल फ सल बिकवानी है। इसके लिए किसानों को कोई समस्या नहीं होनी चाहिए। इस बात पर सभी ने मंडी का गेट खोल दिया है ।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story