हरियाणा के विकास कार्यों पर 17 सितंबर की शाम जगमगाएंगे आशीर्वाद के दीये

WhatsApp Channel Join Now
हरियाणा के विकास कार्यों पर 17 सितंबर की शाम जगमगाएंगे आशीर्वाद के दीये


नए भवनों से लेकर वाटर वर्क्स, एसटीपी, सड़क, पुल और फ्लाईओवर तक होंगे विशेष आयोजन : रणबीर गंगवाचंडीगढ़, 14 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक मनाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विभिन्न कार्यक्रम एवं गतिविधियां आयोजित हो रही है, इसी के तहत अब विकास संरचनाओं पर बड़ी संख्या में आशीर्वाद के दीये के रूप में दीये जलाए जाएंगे। प्रदेश के जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं लोक निर्माण (भवन एवं सड़क) मंत्री रणबीर गंगवा ने इस संबंध में दोनों विभागों के अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं।गंगवा ने निर्देश दिए कि 17 सितंबर की शाम प्रदेशभर में पिछले 12 वर्षों के दौरान दोनों विभागों द्वारा तैयार की गई नई विकास संरचनाओं पर बड़ी संख्या में मिट्टी के दीये सरसों के तेल से जलाए जाएं। एक तरह से यह आशीर्वाद के प्रतीक के रूप में जलाए जाएंगे। इसके तहत नए भवन, राउंडअबाउट, अस्पताल, वाटर वर्क्स, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी), सड़कें, पुल, फ्लाईओवर सहित अन्य नई संरचनाओं को शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी सब-डिवीजन, डिवीजन और सर्कल स्तर पर इन कार्यक्रमों को विशेष अभियान के रूप में आयोजित किया जाएगा। बाकायदा इसके लिए जगह चिन्हित करने के लिए भी दोनों विभागों को निर्देश दे दिए है।गंगवा ने कहा कि 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। इस अवसर को सेवा, समर्पण और जनकल्याण की भावना के साथ मनाते हुए सेवा संकल्प अभियान को प्रदेशभर में जनभागीदारी से आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने सेवा और विकास को नई दिशा दी है तथा हरियाणा भी इसी भावना के साथ आगे बढ़ रहा है। विकास कार्यों पर जलने वाले मिट्टी के दीये सेवा, समर्पण, विकास और जनकल्याण के इसी संकल्प का प्रतीक होंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story