बिजली समस्या पर किसानों ने जींद-सफीदों मार्ग किया जाम

WhatsApp Channel Join Now
बिजली समस्या पर किसानों ने जींद-सफीदों मार्ग किया जाम


जींद, 29 जुलाई (हि.स.)। खेतों को शेडयूल अनुसार बिजली न मिलने से गुस्साए गांव बुढाखेड़ा के किसानों ने बुधवार को जींद-सफीदों मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम लगने की सूचना पाकर सदर थाना सफीदों पुलिस मौके पर पहुंच गई और किसानों को शांत करने की कोशिश की लेकिन किसान बिजली निगम के अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। आखिरकार बिजली निगम के एसडीओ महेंद्र सिंह किसानों के बीच पहुंचे। उन्होंने किसानों को आश्वासन दिया कि एक सप्ताह के अंदर उनकी बिजली लाइन को खेड़ी बिजली घर से हटा कर गांव के 33 केवी लाइन से जोड़ दिया जाएगा। जिसके बाद किसानों ने जाम खोल दिया। लगभग एक घंटा लगे जाम के कारण यात्रियों तथा वाहन चालको को परेशानी का सामना करना पड़ा।

जाम लगाए किसानों ने बताया कि इस समय बारिश नही हो रही है। दूसरी तरफ उन्हें सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली भी नही मिल रही है। बार-बार बिजली के कट लग रहे हैं। बारिश न होने कारण फसलों के लिए बिजली टयूबवैल सहारा बने हुए हैं। अब उन्हें बिजली भी नही मिल रही है। जिससे उनकी फसलों को पानी नही मिल पा रहा है।

उन्होंने कहा कि उनके खेतों की सप्लाई को खेड़ी पावर हाउस से जोड़ा गया है। जबकि उनकी खेतो की बिजली लाइन को खेड़ी से हटा कर गांव के पावर हाउस से जोड़ा जाए ताकि उनके खेतों को सिंचाई के लिए पानी मिल सके। जाम लगने की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे बिजली निगम के एसडीओ महेंद्र सिंह के आश्वासन पर ग्रामीणों ने जाम खोल दिया। सदर थाना सफीदों प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि बिजली की समस्या को लेकर लोग सड़क पर आ गए थे। बिजली निगम के अधिकारियों को बुला कर समस्या का समाधान करवा दिया गया। जिस पर लोग शांत हो गए और घर चले गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story