हिसार : आपसी रंजिश में परिचालक को झूठे केस में फंसाने की घटना से कर्मचारियों में रोष
ऐसे चालकों की कार्यप्रणाली से विभाग के कर्मचारियों
की सुरक्षा पर उठ रहे सवाल
हिसार, 09 नवंबर (हि.स.)। नारनौल में हरियाणा
रोडवेज के परिचालक के बैग से अवैध देसी कट्टा मिलने के मामले में पुलिस जांच के दौरान
बेहद गंभीर खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार किलोमीटर स्कीम के तहत बस चलाने वाले एक
निजी चालक ने आपसी रंजिश के चलते परिचालक के बैग में अवैध हथियार रखकर उसे झूठे मुकदमे
में फंसाने की साजिश रची थी। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस
ने आरोपी चालक को गिरफ्तार किया है।
हरियाणा कर्मचारी महासंघ से संबंधित रोडवेज कर्मचारी
यूनियन के हिसार डिपो प्रधान संदीप जैनावास ने साेमवार काे कहा कि इस पूरे प्रकरण ने रोडवेज कर्मचारियों
में किलोमीटर स्कीम के तहत कार्यरत कुछ चालकों की कार्यप्रणाली को लेकर रोष पैदा कर
दिया है। निजी बस चालक द्वारा आपसी रंजिश निकालने के लिए इस हद तक जाना बेहद चिंताजनक
है। ऐसे चालकों की हरकतों से रोडवेज के नियमित कर्मचारियों की सुरक्षा और प्रतिष्ठा
भी खतरे में पड़ सकती है। यदि कोई चालक किसी कर्मचारी को झूठे आपराधिक मामले में फंसाने
के लिए बस में ही ऐसी साजिश रच सकता है तो यह गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा
कि रोडवेज कर्मचारी दिन-रात यात्रियों की सेवा में अपनी ड्यूटी निभाते हैं। विभाग में
किलोमीटर स्कीम के तहत निजी चालकों को भी बस संचालन की जिम्मेदारी दी जाती है, लेकिन
इस तरह की घटनाएं उनकी कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती हैं। आपसी रंजिश के चलते किसी
कर्मचारी को झूठे मुकदमे में फंसाने की कोशिश कतई स्वीकार्य नहीं है।
संदीप जैनावास ने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष
जांच कर आरोपी चालक के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही किलोमीटर
स्कीम के तहत कार्यरत चालकों की कार्यप्रणाली पर भी निगरानी रखी जाए, ताकि भविष्य में
कोई चालक किसी रोडवेज कर्मचारी को निजी रंजिश का शिकार न बना सके। उन्होंने कहा कि
रोडवेज कर्मचारियों के साथ इस तरह की हरकत व उन्हें झूठे केसों में फंसाने को किसी
कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

