हिसार : पुलिस ने दो नशा कारोबारियों के घर तोड़े, सरकारी जमीन पर था अवैध कब्जा
पुलिस व राजस्व विभाग ने संयुक्त रूप से की कार्रवाई
हिसार, 27 फरवरी (हि.स.)। नारनौंद पुलिस ने अवैध
नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गांव राजथल में नशे के
व्यापार में संलिप्त आरोपी शमशेर और सोनू उर्फ बिट्टू के मकान को ध्वस्त कर दिया गया।
यह मकान सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करके बनाया गया था।
प्रशासन की यह कार्रवाई शुक्रवार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट
एवं खंड कृषि अधिकारी नारनौंद पवन भारद्वाज के नेतृत्व में की गई। स्थिति से निपटने
के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। नारनौंद थाना इंचार्ज रमेश कुमार
ने खुद निगरानी कर रहे थे। बताया जा रहा है कि आरोपी शमशेर और सोनू उर्फ बिट्टू पर
लंबे समय से अवैध नशे के कारोबार में शामिल होने के आरोप थे। प्रशासन ने स्पष्ट किया
है कि नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह कितना
भी प्रभावशाली क्यों न हो। कार्रवाई के दौरान, जेसीबी मशीन की सहायता से अवैध निर्माण
को ध्वस्त किया गया। राजस्व विभाग और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने पूरे क्षेत्र को
सुरक्षा घेरे में लेकर कब्जा हटाने की प्रक्रिया पूरी की। मौके पर ग्रामीणों की भीड़
जमा थी, लेकिन स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

