हरियाणा में बूंदाबांदी व आंधी के बावजूद कम नहीं हुआ गर्मी का प्रकोप, जारी रहे लू के थपेड़े

WhatsApp Channel Join Now
हरियाणा में बूंदाबांदी व आंधी के बावजूद कम नहीं हुआ गर्मी का प्रकोप, जारी रहे लू के थपेड़े


गुरुवार से बदलेगा मौेसम, पश्चिमी विक्षोभ दिखाएगा असर

हिसार, 10 जून (हि.स.)। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में मंगलवार शाम को हुई

बूंदाबांदी व आंधी के बावजूद बुधवार को दिन भारी उमस व गर्मी भरा रहा। दोपहर के समय

लू के थपेड़े चले वहीं अंदर की तरफ उमस ने हाल बेहाल कर दिया। मौसम विभाग ने गुरुवार

को प्रदेश के मौसम में परिवर्तन की संभावना जताई है।

बुधवार को प्रदेश के एक दर्जन से अधिक जिलों में हीट वेव का दौर रहा। बारिश

के बावजूद एक बार फिर भीषण गर्मी का दौर तेज हो गया है। लगातार बढ़ते तापमान के कारण

दिन के समय कई जिलों में गर्मी और लू का असर महसूस किया जा रहा है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश के अधिकतम तापमान में दो से तीन

डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद मौसम में बदलाव आएगा और अगले दो

दिनों के दौरान तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हो सकती है।

ऐसा रहेगा प्रदेश का मौेसम

हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. एमएल खीचड़

का कहना है कि प्रदेश में 14 जून तक मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील रहने व बीच बीच में

आंशिक बादलवाई तथा हवाओं की दिशा में बदलाव की संभावना है। इस दौरान पश्चिमी विक्षोभ

11 जून को पहाड़ों की तरफ बढ़ने तथा पंजाब के ऊपर एक साइक्लोनिक सरकुलेशन बनने की संभावना

है। इसके आंशिक प्रभाव से 11 जून रात्रि से 13 जून के दौरान हरियाणा राज्य में ज्यादातर

क्षेत्रों में बीच बीच में तेज हवाएं चलने व कहीं कहीं गरज चमक के साथ हल्की बारिश

की संभावना है। इस दौरान कुछ एक स्थानों पर मध्यम से तेज बारिश की भी संभावना बन रही

है। बदले मौसम के चलते दिन के तापमान में गिरावट परंतु रात्रि तापमान में बढ़ोतरी की

संभावना है।

आंधी, बिजली और ओलावृष्टि के आसार

मौसम विभाग ने 11 और 12 जून को प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में ओलावृष्टि

की संभावना जताई है। इसके अलावा 11 और 12 जून को 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार

से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। विभाग के अनुसार

13 और 14 जून को भी 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story