पेयजल प्रबंधन में जींद का गांव खुंगा सबसे आगे

WhatsApp Channel Join Now
पेयजल प्रबंधन में जींद का गांव खुंगा सबसे आगे


जींद, 21 मई (हि.स.)। जिला जींद की खुंगा ग्राम पंचायत जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की नई योजना को अपना कर पेयजल का प्रबंधन व रखरखाव का जिम्मा उठाने वाली हरियाणा की पहली ग्राम पंचायत बनने की ओर अग्रसर है।

इस योजना को अमलीजामा पहनानें के लिए ग्राम सभा में प्रस्ताव पास करके ग्राम पंचायत, ग्राम जल एवं सीवरेज समिति व विभाग के अधिकारियों ने सांझा घोषणा पत्र पर हस्ताक्षर करके आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग व जल एवं स्वच्छता सहायक संगठन के जिला सलाहकार रणधीर मताना ने गुरूवार को बताया कि विभाग द्वारा पेयजल का प्रबंधन व रखरखाव में ग्राम पंचायत की सहभागिता को लेकर नई योजना तैयार की गई है।

ग्राम पंचायत द्वारा योजना में ग्रामीणों की अधिक से अधिक भागिदारी सुनिश्चित करने के लिए सरपंच पुष्पा देवी की अध्यक्षता में ग्राम सभा का आयोजना किया गया। इस ग्राम सभा में विभाग के अधिकारियों द्वारा पॉलिसी के बारे में विस्तारपूर्वक बताया गया था। ग्राम जल एवं सीवरेज समिति द्वारा पेयजल का प्रबंधन व रखरखाव का कार्य ग्राम पंचायत द्वारा किए जाने का प्रस्ताव ग्राम सभा में रखा गया। जिसे सर्वसम्मति से पास कर दिया गया।

इस मौके पर सरपंच पुष्पा देवी, ग्राम सचिव दीपक, पंच रविंद्र, सरपंच प्रतिनिधि बलजीत सिंह, पवन, मोहित सहित काफी संख्या में उपस्थित रहे।

ग्राम पंचायत निभाये अहम भूमिका : कार्यकारी अभियंता

कार्यकारी अभियंता भानु प्रकाश शर्मा ने कहा कि सिंगल विलेज स्कीम के तहत ग्राम पंचायत नई योजना में रूची दिखा कर अहम भूमिका निभाएं। इसके लिए ग्राम सभा में अधिक से अधिक लोगों की भागिदारी होना सुनिश्चित करें ताकि लोगों को योजना के बारे में जानकारी मिल सके।

क्या है योजना

सिंगल विलेज स्कीम योजना के तहत ग्राम पंचायत व ग्रामणों द्वारा पेयजल आपूर्ति का प्रबंधन व रखरखाव किया जाएगा। जिसमें बिजली उपकरण रखरखाव व लीकेज इत्यादि को ठीक किया जाएगा। इसकी एवज में ग्राम पंचायत को रखरखाव के लिए बनाए गए अस्टीमेट की एक चौथाई राशि पूर्व में ही दी जाएगी। जोकि ग्राम पंचायत के नए इंडियन बैंक खाते में जमा होगी। गांव में स्वयं सहायता समूह की महिला द्वारा पेयजल बिल एकत्रित किया जाएगा और यह राशि भी पेयजल के प्रबंधन व रखरखाव पर खर्च की जाएगी। बड़े कार्य जलघर निर्माण, पाइप लाइन व बिजली बिल इत्यादि कार्य विभाग द्वारा ही किए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story