अग्निकांड पीड़ितों को पूर्ण मुआवजा व मृतकों के परिवार को एक-एक नौकरी दे सरकार : भूपेन्द्र सिंह हुड्डा
रोहतक, 14 जून (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने डी-पार्क इलाके में हुई अग्निकांड के शिकार दुकानदारों व परिवारों से उनके घर जाकर मुलाकात की। उन्होंने मृतकों के परिवार के प्रति गहरी सांत्वना प्रकट की और उन्हें ढांढ़स बंधाया। साथ ही सभी से उनके नुकसान के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिवारों को हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि इस दुखद घटना ने पूरे हरियाणा को झकझोर कर रख दिया है जिसमे तीन लोगों की जान गई।
उन्होंने कहा कि मृतक कपिल अपने परिवार का एकमात्र सहारा था और उसकी असमय मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को पीडित परिवारों के साथ संवेदनशीलता दिखाते हुए जल्द से जल्द उचित मुआवजा प्रदान करना चाहिए तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जानी चाहिए, ताकि उन्हें भविष्य में आर्थिक संकट का सामना न करना पड़े।
हुड्डा ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि वह इस मुद्दे को लगातार उठाते रहेंगे और पीडितों के हितों की आवाज बनकर उनके साथ खड़े रहेंगे। साथ ही नेता प्रतिपक्ष हुड्डा ने कहा कि देशभर से लगातार आगजनी की खबरें आ रही हैं, जिनमें भयंकर जान माल का नुकसान हो रहा है। ऐसे में हरियाणा समेत तमाम सरकारों को सुनिश्चित करना चाहिए कि अग्निशमन विभाग पूरी तरह अलर्ट रहे और उनके पास वह तमाम उपकरण हों, जिनके जरिए दुर्गम से दुर्गम इलाकों में और जल्दी से जल्दी आग पर काबू पाया जा सके। इस अवसर पर विधायक भारत भूषण बतरा, पूर्व मंत्री सुभाष बतरा, शहरी जिला अध्यक्ष कुलदीप केडी, ग्रामीण जिला अध्यक्ष बलवान रंगा, अजय सिंघानिया प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल

