हिसार : जीवन हत्याकांड के आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करे सरकार : उमेद लोहान

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : जीवन हत्याकांड के आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करे सरकार : उमेद लोहान


इस मामले में इनेलो खापों व परिजनों के साथ

हिसार, 11 अगस्त (हि.स.)।सूर्य नगर निवासी युवक जीवन की हत्या को एक सप्ताह

बीत जाने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर इनेलो ने प्रदेश सरकार और पुलिस

प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। इनेलो के राष्ट्रीय संगठन सचिव उमेद लोहान

मंगलवार को जीवन के परिजनों, किसान संगठनों और विभिन्न खापों द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी

व न्याय की मांग को लेकर दिए जा रहे धरने पर पहुंचे और अपना समर्थन व्यक्त किया।

उमेद लोहान ने कहा कि जीवन हत्याकांड के सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर

परिवार को न्याय दिलाया जाए। उन्होंने कहा कि वारदात को सात दिन बीत चुके हैं, लेकिन

आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होना पुलिस की कार्यप्रणाली और प्रदेश की कानून व्यवस्था

पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि इनेलो इस संघर्ष में पीड़ित परिवार, किसान

संगठनों और खापों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने बताया कि खापों ने सरकार को

24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। सरकार को इस समय सीमा में आरोपियों को गिरफ्तार करना

चाहिए। मुख्यमंत्री स्वयं प्रदेश के गृहमंत्री भी हैं, इसलिए कानून व्यवस्था संभालना

उनकी सीधी जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री को मामले में तत्काल संज्ञान लेकर पुलिस अधिकारियों

को गिरफ्तारी के स्पष्ट निर्देश देने चाहिए।

प्रदेश की कानून व्यवस्था पर हमला बोलते हुए लोहान ने कहा कि अपराधियों के

हौसले बुलंद हैं और आम आदमी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा कि परिवार सात दिनों से बेटे को न्याय मिलने का इंतजार कर रहा है

और इसी कारण अंतिम संस्कार तक नहीं हो पाया है। लोहान ने कहा कि यदि सरकार ने 24 घंटे

में कार्रवाई नहीं की तो इनेलो कुण्डू खाप सहित सभी खापों, किसान संगठनों और पीड़ित

परिवार के साथ मिलकर संघर्ष को और तेज करेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story