हिसार : बेमौसमी बरसात व ओलावृष्टि से हुए नुकसान की अविलंब भरपाई करे सरकार : दलबीर किरमारा

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : बेमौसमी बरसात व ओलावृष्टि से हुए नुकसान की अविलंब भरपाई करे सरकार : दलबीर किरमारा


लगातार प्राकृतिक आपदाओं के कारण खराब हो रही

किसानों की आर्थिक स्थिति

दावे करने में आगे सत्तारूढ़ दल के नेता व अधिकारी

खेतों में जायजा लेने भी नहीं गए

हिसार, 03 अप्रैल (हि.स.)। इनेलो के प्रदेश सचिव

दलबीर किरमारा ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि हाल ही में बेमौसमी बरसात व ओलावृष्टि

से फसलों को हुए नुकसान की अविलंब भरपाई की जाए। उन्होंने कहा कि सरकार को इस मामले

में तनिक भी देरी किए बिना धरती पुत्रों को राहत देनी चाहिए क्योंकि इस तरह की प्राकृतिक

आपदाओं के चलते उनकी आर्थिक स्थिति बहुत अधिक खराब होती जा रही है।

दलबीर किरमारा ने शुक्रवार काे आरोप लगाया कि राज्य सरकार

किसानों के हितों के प्रति बिल्कुल भी संवेदनशील नहीं है। सरकार एवं सरकार के मुखिया

केवल दावों तक सीमित है और वे अपने दावों को धरातल पर उतारने से कतराते हैं। उन्होंने

कहा कि राज्य के कई हिस्सों में बेमौसमी बरसात व ओलावृष्टि से सरसों, गेहूं व चना सहित

अन्य फसलें क्षतिग्रस्त हुई है।

अकेले हिसार जिले की बात की जाए तो लगभग 40 से अधिक

गांवों में फसलों को नुकसान पहुंचा है। खास बात यह है कि सत्तारूढ़ दल के किसी नेता

या प्रशासनिक अधिकारी ने खराब हुई फसलों का जायजा नहीं लिया है। प्रशासनिक अधिकारी

मंडियों में आई फसलों का निरीक्षण करने की औपचारिकता कर रहे हैं लेकिन जो फसलें खेतों

में खराब हुई है, उनको देखने के लिए कोई नहीं जा रहा।

दलबीर किरमारा ने कहा कि केवल आदेश देकर खराबा

रिपोर्ट मांगने की बजाय अधिकारियों व सत्तारूढ़ दल के नेताओं को खेतों में उतर कर खराब

हुई फसलों का जायजा लेना चाहिए था। इससे किसानों को भी लगता कि शायद उनको नुकसान के

अनुसार मुआवजा मिलेगा लेकिन न तो अधिकारी खेतों में गए और न ही सत्तारूढ़ दल के नेता,

जबकि दावे करने में दोनों ही आगे है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. अभय सिंह

चौटाला के नेतृत्व में इनेलो किसान हितों के प्रति पूरी तरह सजग व सतर्क है। आपदा की

घड़ी में इनेलो पूरी तरह से किसानों के साथ हैं और यदि सरकार ने किसानों को राहत नहीं

दी तो इनेलो सड़कों पर उतरने से गुरेज नहीं करेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story