हिसार में छात्राओं को मुर्गा बनाकर घुमाया, शिक्षा विभाग ने बनाई जांच कमेटी

WhatsApp Channel Join Now


महिला आयोग को भेजी गई शिकायत, डिप्टी डीईओ की

अध्यक्षता में कमेटी करेगी जांच

हिसार, 07 मार्च (हि.स.)। जिले के एक राजकीय

हाई स्कूल में छात्राओं को मुर्गा बनाकर घुमाने के मामले की जांच के लिए जिला शिक्षा

अधिकारी ने कमेटी गठित की है। डिप्टी डीईओ की अध्यक्षता में गठित कमेटी की रिपोर्ट

के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। हाल ही में इस संबंध में तीन वीडियो सामने आए

थे। वीडियो के अनुसार एक राजकीय हाई स्कूल में छात्राओं को सजा के तौर पर मुर्गा बनाकर

घुमाया गया। मामले में वीडियो के साथ जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) कार्यालय को ईमेल

के जरिए शिकायत भेजी गई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीईओ ने डिप्टी डीईओ की

अध्यक्षता में जांच कमेटी गठित कर दी है। कमेटी को तीन दिन के भीतर जांच कर रिपोर्ट

डीईओ कार्यालय को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि स्कूल

में छात्राओं को अनुशासन के नाम पर सजा दी गई और उन्हें मुर्गा बनाकर घुमाया गया। वायरल

वीडियो में भी छात्राओं को इसी स्थिति में देखा जा रहा है।

यह भी बताया गया है कि राज्य महिला आयोग को भी

मामले की शिकायत भेजी गई है। शिक्षा विभाग का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही

स्पष्ट होगा कि वीडियो में दिख रही घटना कब और कैसे हुई और इसके लिए जिम्मेदार कौन

है। विभागीय कार्रवाई भी रिपोर्ट के आधार पर ही तय की जाएगी। अब जांच कमेटी जांच करेगी

कि घटना किस दिन और किस कक्षा में हुई, छात्राओं को ‘मुर्गा’ बनाने के आदेश किस

शिक्षक या स्टाफ ने दिए, उस समय स्कूल में मौजूद स्टाफ और प्रबंधन की भूमिका क्या रही,

घटना के दौरान मौजूद छात्राओं और अन्य विद्यार्थियों के बयान लिए जाएंगे। जांच के बाद

जिम्मेदार शिक्षक या कर्मचारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की सिफारिश की जाएगी।

बताया जा रहा है कि सुरक्षा कारणों से शिकायतकर्ता

ने अपना नाम उजागर नहीं किया है। शिकायतकर्ता ने लिखा है कि वीडियो गांव के सरकारी

हाई स्कूल का है। यह ना तो फर्जी है और ना ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से बनाया गया

है। वीडियो में छात्राओं को मुर्गा बनाकर घुमाया जा रहा है। लड़कियों को मुर्गा बनाना

समानता और सम्मान के खिलाफ है। यह स्कूल के माहौल के लिए उचित नहीं है। फिलहाल घटना

सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story